राजधानी में शादी का झांसा देकर महिलाओं से लाखों रुपये के सोने के गहने ठगने वाले अंतरराज्यीय मैट्रिमोनियल फ्रॉड गैंग का दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों अभिषेक सिंह और करण शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं से संपर्क करते थे और शादी का झांसा देकर उनसे सोने के गहने और नकदी ठग लेते थे। इसके बाद वे ठगी का सामान लेकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से लाखों रुपये के सोने के गहने, 64 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई हुंडई वर्ना कार बरामद की है।

फर्जी बिजनेसमैन बनकर लोगो से ठगी करता था आरोपी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी 2026 को हरियाणा के पानीपत की रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने संसद मार्ग थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसकी मुलाकात एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर अभिषेक सिंह नाम के व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने खुद को शादी के लिए इच्छुक बताकर उसका विश्वास जीता और बाद में उसे एक धार्मिक स्थल पर मिलने के लिए बुलाया। शिकायत के मुताबिक, मुलाकात के दौरान आरोपी ने गहनों को सुरक्षित रखने का बहाना बनाकर महिला की सोने की चेन और कंगन अपने पास ले लिए। इसके बाद उसने महिला का बैग, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज भी ले लिए और मौके से फरार हो गया।

दिल्ली पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच कर की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की, जिसने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। तकनीकी निगरानी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का मुख्य आरोपी अलग-अलग राज्यों की तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाता था। वह खुद को अमीर कारोबारी बताकर भरोसा जीतता और शादी का झांसा देकर उनसे गहने व नकदी ठग लेता था।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मैट्रिमोनियल वेबसाइट और सोशल मीडिया के जरिए अपने शिकार तलाशते थे और मुलाकात के बाद योजनाबद्ध तरीके से ठगी को अंजाम देते थे।

 आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया ठगी का तरीका

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने ठगी से हासिल किए गए सोने के गहनों को मालवीय नगर स्थित एक “कैश फॉर गोल्ड” दुकान पर गिरवी रखकर करीब तीन लाख रुपये हासिल किए थे। पुलिस अब इस मामले में दुकान मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे गहनों के चोरी के होने की जानकारी थी या नहीं। जरूरत पड़ने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों के अनुसार, जांच का दायरा बढ़ाते हुए देशभर में ऐसे अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान की जा रही है, जिन्हें इस गिरोह ने अपना निशाना बनाया हो सकता है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने कई राज्यों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m