पटना/फतुहा। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से आरा जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287) रविवार को अपराधियों के निशाने पर रही। हथियारबंद बदमाशों ने ट्रेन के H1 (फर्स्ट एसी) कोच में घुसकर यात्रियों के साथ मारपीट की और लूटपाट का प्रयास किया। इस घटना ने रेल सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हथियारबंद बदमाशों ने कोच में फैलाया आतंक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब ट्रेन फतुहा के समीप थी, तभी अचानक कुछ हथियारबंद अपराधी कोच में दाखिल हुए। बदमाशों ने यात्रियों को हथियारों के बल पर डराया-धमकाया और उनसे मोबाइल, नकदी और कीमती जेवर छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर कुछ यात्रियों के साथ मारपीट भी की गई, जिससे बोगी में चीख-पुकार मच गई।
यात्रियों के शोर से भागे अपराधी
यात्रियों द्वारा एकजुट होकर शोर मचाने और विरोध करने पर अपराधी पकड़े जाने के डर से अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन को फतुहा स्टेशन पर इमरजेंसी में रोका गया। रेल पुलिस (GRP) और आरपीएफ (RPF) ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया, जिसके कारण ट्रेन काफी देरी से पटना जंक्शन पहुंची।
जांच में जुटी पुलिस और सुरक्षा पर सवाल
रेलवे पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, इस घटना के बाद से यात्रियों में भारी दहशत है और ट्रेन में स्कॉर्ट पार्टी की तैनाती व सुरक्षा तंत्र की सतर्कता पर उंगलियां उठ रही हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


