चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अहमदाबाद में एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनकी सरकार 8 मार्च को राज्य का बजट पेश करेगी। यह तारीख इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। चूंकि आमतौर पर रविवार को विधानसभा की कार्यवाही नहीं होती, ऐसे में इस विशेष दिन का चयन सरकार की महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी राजनीतिक मंशा को दर्शाता है।

आम आदमी पार्टी सरकार का कार्यकाल मार्च 2027 में पूरा होगा। इस लिहाज से वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट सरकार का आखिरी पूर्ण बजट होगा। सूत्रों के अनुसार, सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल इस बजट के जरिए पंजाब की महिलाओं से किया गया अपना सबसे बड़ा चुनावी वादा (₹1,000 प्रति माह वित्तीय सहायता) पूरा करने जा रहे हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, योजना की रूपरेखा लगभग तैयार है, लेकिन अंतिम फैसला अरविंद केजरीवाल और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद लिया जाएगा। राजकोषीय प्रबंधन को देखते हुए सरकार इसे चरणबद्ध तरीके से या कुछ शर्तों के साथ लागू कर सकती है ताकि राज्य पर अचानक आर्थिक बोझ न पड़े।

रविवार (8 मार्च) को बजट पेश करने के फैसले ने विपक्ष को भी चौंका दिया है। माना जा रहा है कि सरकार इस दिन को उत्सव के रूप में मनाकर महिलाओं के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत करना चाहती है, जिसका सीधा असर 2027 के विधानसभा चुनावों पर पड़ेगा।