Supaul Fire Incident: बिहार के सुपौल से एक दुखद ही खबर सामने आई है। जहां देर रात लगी भीषण आग में मां और उसकी 4 साल की मासूम बेटी की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के बलवा पुनर्वास इलाके वार्ड नंबर-1 की है। घटना को लेकर पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है।

दरअसल कल रविवार की देर रात नगर के प्रमोद पासवान के घर में अचानक आग लग गई। इस दौरान लोग गहरी नींद में सोए हुए थे। आग ने कुछ ही देर में भयानक रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग की लपटों ने आस-पास के भी तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कई घरों का सामान भी जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे और इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। जबतक दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचती तबतक काफी देर हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद मलबे में घर के अंदर सो रही नीलम देवी और उनकी 4 साल की मासूम बेटी अंजलि का जला हुआ शव बरामद हुआ। आग कैसे लगी इसका अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।

नीलम देवी अपनी बेटी के साथ मायके आई हुईं थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। उनके पति पिंटू यादव सहरसा जिले के आरान बिशनपुर के रहने वाले हैं। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: दुल्हन को मेहंदी लगाने गई छात्रा रहस्यमय तरीके से हुई लापता, पेड़ पर लटका मिला शव, परिजनों ने जताई दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका