पटना: बाढ़ अनुमंडल के पंडारक थाना क्षेत्र में राजनीतिक रंजिश को लेकर हुई हिंसक झड़प मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल बीते रविवार को मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के समर्थक सोबिर कुमार उर्फ सुमित पर जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में पुलिस ने कुल 8 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जिसमें पूर्व सांसद सूरजभान सिंह, उनके भाई कन्हैया सिंह और बहनोई माधव कुमार समेत अन्य शामिल हैं।

साजिश रचकर हमला करने का आरोप

घायल सुमित ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि, विधानसभा चुनाव के दौरान उसने विधायक अनंत सिंह का खुलकर समर्थन किया था, जिसे लेकर सूरजभान सिंह और उनके करीबी नाराज चल रहे थे। सुमित का आरोप है कि इसी राजनीतिक रंजिश के कारण साजिश रचकर उन पर हमला किया गया। पीड़ित ने बताया कि, माधव कुमार उर्फ खन्ना ने गमछा से उनका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की, जबकि अन्य लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की।

चुनावी दुश्मनी से जुड़ा मामला

वहीं, पुलिस जांच में भी यह मामला विधानसभा चुनाव के दौरान रंजिश से जुड़ा हुआ पाया गया। गौरतलब है कि चुनाव के दौरान राजद के पूर्व नेता दुलारचंद की हत्या के बाद उनके परिवार से मिलने पहुंची सूरजभान सिंह की पत्नी और राजद से विधायक पद की उम्मीदवार वीणा देवी की गाड़ी पर हमला और तोड़फोड़ हुआ था। इस मामले में सुमित के खिलाफ भी केस दर्ज कराया गया था। चुनाव के दौरान का यह विवाद अब हिंसक झड़प तक पहुंच चुकी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

फिलहाल पंडारक थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास (धारा 307) समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और सबूत मिलने के बाद उन्हें गिरफ्तार करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।

ये भी पढ़ें- सुपौल: पप्पू यादव ने मृतक छात्रा के परिजनों से की मुलाकात, बोले- बिहार के बच्चियों की हो रही तस्करी, नीतीश सरकार को भी घेरा