बक्सर। बिहार पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला एक ताजा मामला बक्सर जिले से सामने आया है। यहां बगेन गोला थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) मनीष कुमार का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है। इस वीडियो में पुलिस अधिकारी की मर्यादा तार-तार होती दिख रही है, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया है।
भोजपुरी गाने पर अश्लीलता की सारी हदें पार
वायरल वीडियो में दारोगा मनीष कुमार एक निजी समारोह में महिला डांसर के साथ बेहद आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। डीजे पर बज रहे भोजपुरी गाने के शोर के बीच दारोगा डांसर को गोद में उठाकर डांस करते और उसे बाहों में जकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो के सटीक समय और स्थान की आधिकारिक पुष्टि होना अभी शेष है, लेकिन अधिकारी की यह हरकत अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा मानी जा रही है।
त्योहारी सीजन में अनुशासन पर उठे सवाल
होली जैसे संवेदनशील त्योहार के मद्देनजर, जहां पूरी जिला पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलर्ट पर है, वहीं एक जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी का ऐसा व्यवहार विभागीय साख पर सवालिया निशान लगाता है। पुलिस सेवा की गरिमा और कड़े अनुशासन के विपरीत इस व्यवहार को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है।
एसपी शुभम आर्य ने कहा- बख्शे नहीं जाएंगे दोषी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बक्सर एसपी शुभम आर्य ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने जांच के सख्त आदेश देते हुए संबंधित अधिकारियों को वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की बारीकी से पड़ताल करने का निर्देश दिया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी दारोगा के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वर्तमान में पूरा पुलिस विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


