गौरव जैन, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में पेंड्रा रोड-गेवरोड रेल लाइन निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के यार्ड में अचानक आग लगने की घटना सामने आई है। यह यार्ड गौरेला के पास ओवरब्रिज के बगल में स्थित है, जहां रेल ट्रैक निर्माण से संबंधित भारी मात्रा में सामान रखा हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते यार्ड में रखी निर्माण सामग्री उसकी चपेट में आ गई। घटना के समय मौके पर फायर ब्रिगेड की कोई टीम मौजूद नहीं थी, जिससे आग पर काबू पाने में दिक्कतें हो रही। बताया जा रहा है कि ठेकेदार के कर्मचारी खुद ही आग बुझाने का प्रयास कर रहे। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचकर मदद किए।


घटना से रेल लाइन निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन को सूचना दे दी गई है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची है। आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। बताया जा रहा कि लगभग 1 करोड़ का रबर पेड जलकर खाक हो गया है।
रेल यार्ड में रखा सामान SIL कंस्ट्रक्शन कंपनी जयपुर का बताया जा रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने का कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है। गौरेला पुलिस और RPF मौके पर मौजूद हैं।


