सुरेश कुमार, सिंगरौली। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह से स्पीकर ने कहा कि “आप अपने विधानसभा के बारे में बोलिए”। इस पर बीजेपी विधायक ने सदन में बोलना शुरू किया। उन्होंने अपना क्षेत्र छोड़कर ज्यादातर भोपाल-इंदौर की बात की। इस पर अब सिंगरौली कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि विधायक ने सिंगरौली के जमीनी मुद्दों पर बोलने के बजाय CSR और कथित विकास की बातें कीं। उन्होंने कहा कि विधायक यह दावा कर रहे हैं कि सिंगरौली में “विकास की गंगा” बह रही है और उसी का श्रेय लेकर मोहन सरकार आगे बढ़ रही है, जबकि हकीकत इससे उलट है।

ये भी पढ़ें: MP में लाड़ली बहना योजना से 5.77 लाख बहनों के कटे नाम: विधानसभा में विपक्ष ने उठाए सवाल, मंत्री निर्मला भूरिया ने दिया जवाब 

क्षेत्र छोड़कर भोपाल-इंदौर की बात

उन्होंने कहा कि सिंगरौलीवासियों के लिए यह बेहद दुखद है कि उनके विधायक अपने क्षेत्र की समस्याओं पर बात करने के बजाय भोपाल और इंदौर की बातें कर रहे हैं। आज सिंगरौली में प्रदूषण, विस्थापन और बेरोजगारी सबसे बड़े मुद्दे हैं, लेकिन विधानसभा में इन पर कोई ठोस चर्चा नहीं हुई।

ये भी पढ़ें: कांग्रेस विधायक पर FIR को लेकर विधानसभा में हंगामा: विपक्ष का वॉकआउट, बाबू जंडेल ने किया शीर्षासन

दावों और श्रेय की राजनीति

कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि CSR से जुड़ा धन केंद्रीय मद का होता है, जिसका उपयोग एनटीपीसी समेत देशभर में किया जाता है। वहीं डीएमएफ (जिला निधि) का पैसा भी सीधे सिंगरौली में खर्च नहीं होता, इसके लिए भोपाल से अनुमोदन जरूरी होता है।

ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्थानीय जरूरतों पर सीधे खर्च की व्यवस्था ही नहीं है, तो सिंगरौली का वास्तविक विकास कैसे होगा ? कुल मिलाकर, कांग्रेस का कहना है कि सिंगरौली की समस्याओं को प्राथमिकता दिए बिना केवल दावों और श्रेय की राजनीति से क्षेत्र का भला नहीं हो सकता।

कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m