पटना। राजधानी पटना के महात्मा गांधी सेतु पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गायघाट के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार इंजीनियर को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उनका एक हाथ शरीर से अलग होकर सीधे गंगा पुल के नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जबकि ट्रक चालक वाहन समेत फरार होने में सफल रहा।
काम से घर लौटते समय हुआ हादसा
घायल की पहचान पटना के आलमगंज निवासी इंजीनियर मोहम्मद अकिल के रूप में हुई है। अकिल मुजफ्फरपुर में यूपीएस (UPS) बनाने का काम करते हैं। वे रोजाना की तरह मुजफ्फरपुर से अपना काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिलर संख्या 46 के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ।
हाजीपुर-पटना लेन पर ट्रक का तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक हाजीपुर से पटना की ओर आ रहा था। पिलर नंबर 46 के पास चालक ने संतुलन खो दिया और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अकिल का हाथ कटकर पुल के नीचे गिर गया। घटना के बाद आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले जाया गया, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें PMCH रेफर कर दिया है।
निर्माण कार्य और ट्रैफिक अव्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के पीछे गांधी सेतु पर चल रहे मरम्मत कार्य और संकरी लेन को भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अव्यवस्थित ट्रैफिक और सुरक्षा मानकों की कमी के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों पर नियंत्रण और निर्माण स्थल पर पुख्ता सुरक्षा इंतजामों की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
आलमगंज थाना प्रभारी राहुल कुमार ठाकुर ने बताया कि घायल की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


