मनेंद्र पटेल, दुर्ग। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर मुक्तिधाम के पास रहने वाली 34 वर्षीय स्वामी मंडावी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस चोरी की मुख्य आरोपी पीड़िता की नाबालिग भतीजी ही निकली।

पीड़िता ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 दिसंबर से 15 फरवरी के बीच अज्ञात आरोपी उनके घर से सोने के गहने चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने धारा 305, 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर पीड़िता की नाबालिग भतीजी से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि चोरी के गहने अपने मित्र रंजीत वर्मा को बेचने के लिए दिए थे।

पुलिस ने आरोपी रंजीत वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी के आभूषण अन्य साथियों को बेचने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक सोने का नेकलेस (कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये), एक सोने का मंगलसूत्र (कीमत लगभग 1.70 लाख रुपये) और कुछ नगदी राशि बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।