भागलपुर। जिले के मधुसूदनपुर थाना अंतर्गत मनियारपुर गांव में मामूली विवाद ने भीषण हिंसक रूप ले लिया। बेलखोरिया पंचायत के दो गांवों के लोग आपस में इस कदर भिड़े कि देखते ही देखते रणक्षेत्र बन गया। लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हुए इस हमले में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

​रंगदारी और शराब के अवैध अड्डे का विवाद

​पहले पक्ष के राजीव कुमार के अनुसार, विवाद की जड़ एक नाश्ते की दुकान है जहां कुछ असामाजिक तत्व जबरन शराब पीने आते हैं। विरोध करने और पैसे मांगने पर वे गाली-गलौज करते हैं। आरोप है कि किशोर पासवान नामक व्यक्ति ने दुकानदार गुंजन कुमार सिंह से 50 हजार की रंगदारी मांगी थी। 25 फरवरी को भी इस बात पर मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत थाने में की गई, लेकिन पुलिस के न पहुंचने से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।

​अस्पताल में भर्ती घायल

​शुक्रवार को हुए हमले में अजीत कुमार सिंह का सिर फट गया है। संजीव, सतीश और अक्षय को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सुलेखा देवी और सुगंधा देवी समेत कई अन्य को भी चोटें आई हैं। दूसरी ओर, किशोर पासवान और विकास कुमार भी घायल हैं, जिनका दावा है कि वे शराब के कारोबार का विरोध कर रहे थे, इसलिए उन पर हमला किया गया।

​गांव में तनाव

​ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती पर सवाल उठाते हुए कहा कि नशेड़ियों द्वारा लड़कियों से छेड़खानी और अवैध गतिविधियों के कारण गांव में अशांति है। मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली ने बताया कि एक पक्ष की महिला ने आवेदन दिया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।