अमृतसर। पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इजरायल तनाव का असर अब आम लोगों की जिंदगी पर साफ दिखाई देने लगा है। संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कई पंजाबी युवक और अन्य भारतीय यात्री उड़ान रद्द होने के कारण फंसे हुए हैं। अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से यात्रियों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक संबंधित उड़ान के लिए यात्रियों को पहले ही बोर्डिंग पास जारी कर दिए गए थे। वे सुरक्षा जांच पूरी कर प्रस्थान क्षेत्र में पहुंच चुके थे, लेकिन इसी दौरान ईरान-इजरायल के बीच बढ़े सैन्य तनाव के चलते उड़ान अचानक रद्द कर दी गई। इसके बाद यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर में ही रोक दिया गया।
वीजा समाप्त, बाहर निकलना भी मुश्किल
बताया जा रहा है कि फंसे हुए कई यात्रियों का वीजा अवधि समाप्त हो चुकी है। ऐसे में वे एयरपोर्ट से बाहर भी नहीं जा पा रहे हैं। इस स्थिति ने उनकी परेशानी को और गंभीर बना दिया है। कुछ यात्रियों ने बताया कि वे कई घंटों से एयरपोर्ट पर ही बैठे हैं और उन्हें आगे की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही।
खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था पर सवाल
फंसे यात्रियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ठहरने को लेकर भी कोई ठोस प्रबंध नहीं किया गया है। अचानक फ्लाइट रद्द होने के बाद उन्हें न तो वैकल्पिक उड़ान की जानकारी दी गई और न ही स्पष्ट रूप से बताया गया कि उन्हें कब तक इंतजार करना होगा।
कई युवकों ने परिजनों से संपर्क कर अपनी स्थिति की जानकारी दी है। परिवार वाले भी चिंता में हैं और सरकार से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग
फंसे यात्रियों ने केंद्र सरकार से अपील की है कि उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि मौजूदा हालात में वे असहाय स्थिति में हैं और उन्हें तत्काल सहायता की आवश्यकता है।
उधर, अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए उड़ानों के संचालन पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थिति सामान्य होने तक यात्रियों को धैर्य बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, हालांकि जमीनी स्तर पर फंसे लोगों की चिंता और बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


