मोहाली। पंजाब को दहलाने की एक बड़ी आतंकी साजिश को मोहाली स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 2.5 किलो आरडीएक्स (RDX) से लैस एक अत्याधुनिक आईईडी (IED) बरामद किया है। यह ऑपरेशन एसएसओसी के आईजी दीपक पारिक की निगरानी और डीएसपी गुरचरण सिंह के नेतृत्व वाली टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर जिला शहीद भगत सिंह (SBS) नगर के इलाके से पूरी तरह असेंबल किया गया आईईडी बरामद किया गया। इस बम की सबसे खतरनाक बात यह थी कि इसमें दो तरह के डिटोनेशन सिस्टम लगे थे— पहला: वॉकी-टॉकी आधारित रिमोट कंट्रोल सिस्टम और दूसरा: टाइमर मैकेनिज्म। बम में बैटरियां पहले से फिट थीं और यह इस्तेमाल के लिए बिल्कुल तैयार था, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि इसका उपयोग बहुत जल्द किसी बड़ी वारदात के लिए किया जाना था।
हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने एसबीएस नगर से महावीर कुमार उर्फ काका और उसके साथी मनप्रीत सिंह उर्फ मनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महावीर के कब्जे से एक आधुनिक ग्लॉक पिस्तौल और 9 एमएम के चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में महावीर ने कबूल किया कि उसने आईईडी की खेप प्राप्त कर उसे एसबीएस नगर बाईपास के पास मिट्टी में छिपा दिया था और वह अगले आदेश का इंतजार कर रहा था।
अमेरिका और विदेशी हैंडलर्स का हाथ
जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल विदेशों में बैठे हैंडलर्स के निर्देशों पर काम कर रहा था। पुलिस ने इस नेटवर्क में सुशांत चोपड़ा (निवासी राहों, जो वर्तमान में अमेरिका में है), गोपी नवांशहरिया और जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी के नामों का खुलासा किया है। ये सभी विदेश से इस मॉड्यूल की गतिविधियों को संचालित कर रहे थे।
फंडिंग और सप्लाई चेन की जांच जारी
फिलहाल दोनों आरोपी एसएसओसी की पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य साथियों की पहचान करने के साथ-साथ उनके फंडिंग स्रोतों और सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है। मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम (Explosives Act) की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


