अमृतसर। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय दो संगठित तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह ऑपरेशन बेहद योजनाबद्ध तरीके से विशेष टीमों द्वारा अंजाम दिया गया।

शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे तस्करों के सीधे संपर्क में थे। ये आरोपी पाकिस्तानी आकाओं के इशारे पर सीमा पार से आने वाली खेप को पंजाब और अन्य इलाकों में सप्लाई करने का काम करते थे।

जेल से चल रहा था नेटवर्क

पुलिस कमिश्नर भुल्लर के अनुसार, गिरोह का एक मुख्य सरगना गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी पट्टी, जो वर्तमान में गोइंदवाल जेल में बंद है, वहीं से इस पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था। गोपी से पूछताछ के बाद ही उसके अन्य साथियों को दबोचा गया। गिरफ्तार किए गए कई आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास है। इनमें गुरप्रीत सिंह पर हेरोइन तस्करी, लवप्रीत सिंह पर हत्या और सतनाम सिंह व मनप्रीत सिंह मन्ना पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

जीरो टॉलरेंस: नेटवर्क की जड़ें खोदने में जुटी पुलिस

पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि हेरोइन और हथियारों की यह खेप किन-किन इलाकों में भेजी जानी थी। पुलिस इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज (अगली-पिछली कड़ियों) को जोड़ रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि राज्य में नशा और गन-कल्चर के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।