Bilaspur News Update : बिलासपुर। सरकंडा के सीपत रोड स्थित पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास युवक और युवती की फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिली है। इसकी सूचना पर सरकंडा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक और युवती की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस की टीम ने युवती की पहचान पूर्णिमा यादव के रूप में की है। वहीं युवक की पहचान करने कोशिश की जा रही है। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि रविवार की रात पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। तभी पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास पेड़ पर युवक और युवती की लाश फंदे पर लटकते देख आसपास के लोगों ने सूचना दी। इस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची गई। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि युवक और युवती कुछ दिन पहले ही यहां आए थे। उन्होंने सूर्या चौक के पास किराए पर मकान लिया था। युवती का नाम पूर्णिमा यादव है। दोनों एक दूसरे को पति-पत्नी बताकर मकान में रह रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों के स्वजन की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अदानी पावर लिमिटेड की 1600 मेगावाट के ताप विद्युत संयंत्र के लिए जनसुनवाई
कोरबा। कोरबा में 1600 मेगावाट के प्रस्तावित ताप विद्युत संयंत्र विस्तार का रास्ता अब काफी हद तक साफ नजर आ रहा है। अदाणी पावर लिमिटेड की कंपनी कोरबा पावर लिमिटेड के लिए बरपाली तहसील के ग्राम सरगबुंदिया में पर्यावरणीय जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। दोपहर 12 बजे शुरू हुई जनसुनवाई में अतिरिक्त कलेक्टर देवेन्द्र पटेल पीठासीन अधिकारी के रूप में मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ लोगों ने 800-800 मेगावाट की दो प्रस्तावित इकाइयों के विस्तार को लेकर पर्यावरणीय प्रभाव, प्रदूषण और स्थानीय संसाधनों पर पड़ने वाले दबाव के संबंध में सवाल उठाए। वहीं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने परियोजना से संभावित रोजगार, बुनियादी ढांचे के विकास और स्थानीय सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताते हुए समर्थन किया। कंपनी की ओर से परियोजना का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि वर्तमान में संयंत्र में 300-300 मेगावाट की दो इकाइयां संचालित हैं। प्रस्तावित विस्तार के तहत 1600 मेगावाट अतिरिक्त क्षमता स्थापित करने की योजना है। करीब ढाई घंटे चली जनसुनवाई के दौरान सभी पक्षों के सुझाव और आपत्तियां अभिलेख में दर्ज की गईं, जिन्हें आगे की पर्यावरणीय स्वीकृति प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।
प्रेमिका को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला गिरफ्तार
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के मल्हार में रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित युवक को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।मस्तूरी क्षेत्र में रहने वाली युवती की शुक्रवार की सुबह धनगंवा में रहने वाले राजू लहरिया के घर फांसी पर लटकी मिली थी। पूछताछ में पता चला कि युवती मंगलवार को मेला देखने जाने के नाम पर घर से निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। इसके कुछ देर बाद राजू लहरिया ने उसके परिवार वालों को काल किया। उसने बताया कि मल्लिका उसके घर पर आ गई है। उसने युवती के परिवार वालों को घर लेकर जाने के लिए कहा। युवती के घरवालों इनकार कर दिया। इसके बाद राजू ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। तब पुलिस ने भी उसे समझाइश दी थी। जब युवती नहीं मानी तब पुलिस लौट आई। गुरुवार की रात राजू और उसके परिवार वाले भोजन के बाद सोने चले गए। शुक्रवार की सुबह युवती की लाश मिलने के बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। तब स्वजन ने राजू की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। रात को स्वजन ने मल्हार चौकी के सामने जमकर हंगामा किया। तब पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया। इस बीच आरोपित अपने ठिकाने से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। रविवार की सुबह पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।
हुड़दंगियों से कठोरता से निपटेगी पुलिस, आईजी ने की होली की तैयारियों की समीक्षा
बिलासपुर। आईजी रामगोपाल गर्ग ने बिलासपुर रेंज के सभी जिलों में होली के त्यौहार के पुलिस मद्देनजर, व्यवस्था और बंदोबस्त की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों में थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक लेकर, होली के त्यौहार के सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाए जाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से चर्चा कर, गाइडलाइन का निर्धारण करने के निर्देश दिए। आईजी गर्ग ने सभी पुलिस अधीक्षकों को हिदायत दी, की होली के त्यौहार को सौहार्द और शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना, जिलों में सुनिश्चित करें। शराब पीकर हुड़दंग करने वालों, और रंगों के इस पवित्र त्यौहार की गरिमा को, हुड़दंग करके खराब करने वाले असमाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी आईजीपी ने जारी किए। होली के जलने की शाम से लेकर अगले दिन होली खेले जाने तक, सतत पेट्रोलिंग, और होली खेले जाने के दिन जगह जगह पर पिकेट पॉइंट्स लगाकर चेकिंग के लिए निर्देश जारी किए हैं। गुंडा बदमाशों की विशेष चेकिंग, अवैध शराब विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई और नशीले पदार्थों का सेवन कर, त्यौहार में शान्ति भंग करने वाले तत्वों के लिए विशेष रूप से कार्रवाई के निर्देश आईजी ने रेंज के सभी जिलों को दिए। होली जैसे उल्लासपूर्ण त्यौहार पर कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सतत पेट्रोलिंग, और चेकिंग पॉइंट्स लगाकर, पुलिस के उचित बंदोबस्त किए जाने हेतु भी आईजीपी गर्ग ने जिलों को बताया है। इस अवसर पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने लोगो को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की है, की उल्लास और उमंग के साथ होली मनाएं, लेकिन हुड़दंग करना, नशे का सेवन, ट्रिपल-फोर सवारी बाइक में घूमना, चीखते चिल्लाते हुए अपशब्दों का प्रयोग करने वाले असमाजिक तत्व बक्शे नहीं जाएंगे। होली मनाएं, पर किसी अन्य के होली उत्सव में बाधा न डालें। होली के अवसर पर रेंज पुलिस के द्वारा हुड़दंगियों को चेतावनी स्वरूप मीम मैसेजेस भी जारी किए गए हैं।
युवक की हत्या, खेत में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परासकोल में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। खेत में शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम परासकोल में 35 वर्षीय अनिल कुमार चौहान का शव रविवार सुबह खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। मृतक के शरीर पर पेट, गले और अन्य हिस्सों में धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।परिजनों के अनुसार मृतक शनिवार शाम गांव से बाहर गया था। रात में कुछ हलचल की आवाज भी सुनाई दी थी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।
घरघोड़ा में दो ट्रेलरों की भिड़ंत, आग में ड्राइवर की मौत
रायगढ़। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक की जलकर मौके पर ही मौत हो गई। एक ट्रेलर में कोयला और दूसरे में सरिया लोड था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है।
घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुरकुट नाला पुल पर दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के केबिन में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। बताया जा रहा है कि एक ट्रेलर जामपाली माइंस से बारोद रेलवे साइडिंग की ओर कोयला लेकर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर बारोद से जामपाली की ओर सरिया लेकर आ रहा था।कुरकुट नाला का पुल संकरा होने और तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रेलर के केबिन में चालक फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। आग की चपेट में आने से विपुल कंपनी के ट्रेलर चालक कमल प्रसाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत विवेचना की जा रही है।
पावर प्लांट में दर्दनाक हादसा कंवेयर बेल्ट की चपेट आने से कर्मचारी की मौत
सक्ती। सक्ती जिले से इस वक्त की बड़ी खबर।डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत उच्चपिड़ा स्थित RKM पावर प्लांट में लापता हुए कर्मचारी सुरेश कुमार टंडन की दर्दनाक मौत की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार टंडन 27 फरवरी की सुबह ड्यूटी पर पहुंचे थे, लेकिन शिफ्ट के बाद घर नहीं लौटे। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस और प्रबंधन द्वारा जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान प्लांट परिसर में कन्वेयर बेल्ट के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मानव अवशेष मिलने की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आने से यह हादसा हुआ है। हालांकि, पुलिस द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। परिजन प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


