पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पटना पहुंच रहे हैं। उनके इस दौरे को बिहार की राजनीति और आगामी संगठनात्मक रणनीतियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, वे पटना में होली मिलन समारोह का हिस्सा बनेंगे और संभवतः 5 मार्च को दिल्ली लौटेंगे, जो राज्यसभा नामांकन की अंतिम तिथि भी है।

​चटखारा ग्राउंड में सजेगा रंगोत्सव

​पटना महानगर भाजपा की ओर से दीघा विधानसभा के चटखारा ग्राउंड में भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया है। इसमें नितिन नवीन मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की विशेषता यह है कि यहां पारंपरिक अबीर-गुलाल के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद और समन्वय पर जोर दिया जाएगा। नेताओं का कहना है कि इस उत्सव के जरिए पार्टी अपनी सांगठनिक शक्ति का प्रदर्शन भी करेगी।

​चार विधानसभाओं का दिखेगा दम

​इस आयोजन में पटना साहिब, कुम्हरार, बांकीपुर और दीघा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और मोर्चा कार्यकर्ता भारी संख्या में जुटेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने की कमान दीघा विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और जिला अध्यक्ष रूप नारायण मेहता ने संभाल रखी है। सुरक्षा, स्वागत और मंच संचालन के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

​तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप

​समारोह को लेकर आज पटना महानगर इकाई की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें अनुशासन और भव्यता पर चर्चा की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ मीडिया समन्वय की योजना भी तैयार है। पार्टी का लक्ष्य है कि इस समारोह के माध्यम से एकजुटता का कड़ा संदेश दिया जाए।