Holi 2026 : होली के मौके पर बनने वाली गुजिया सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि परंपरा और स्वाद का संगम होती है. Holi का नाम आते ही रंगों के साथ-साथ कुरकुरी, खुशबूदार गुजिया की याद आना बिल्कुल स्वाभाविक है. कई बार त्योहारों में हम बहुत ज़्यादा मात्रा में गुजिया बना लेते हैं लेकिन अगर इन्हें सही तरीके से स्टोर न किया जाए, तो मेहनत पर पानी फिर सकता है. आइए जानते हैं गुजिया को लंबे समय तक ताज़ा, कुरकुरी और सुरक्षित रखने के आसान और असरदार तरीके.

गुजिया पूरी तरह ठंडी होने दें

तलने के बाद गुजिया को तुरंत डिब्बे में बंद न करें. पहले इन्हें पूरी तरह कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें. हल्की सी भी गर्माहट नमी पैदा कर सकती है, जिससे गुजिया सॉफ्ट हो सकती है.

एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें

गुजिया को हमेशा एयरटाइट डिब्बे में रखें. स्टील या फूड-ग्रेड प्लास्टिक कंटेनर बेहतर रहते हैं. कंटेनर बिल्कुल सूखा होना चाहिए.

परतों के बीच टिशू या बटर पेपर रखें

अगर ज्यादा मात्रा में गुजिया स्टोर कर रही हैं तो हर लेयर के बीच बटर पेपर या टिशू पेपर रखें. इससे अतिरिक्त नमी सोख ली जाती है और गुजिया चिपकती नहीं है.

ठंडी और सूखी जगह पर रखें

कंटेनर को धूप और नमी से दूर रखें. किचन में गैस या सिंक के पास रखने से बचें.सामान्य तापमान पर गुजिया 10–15 दिन तक ठीक रह सकती है (अगर भरावन सूखा हो).

फ्रिज में कब रखें?

अगर गुजिया में मावा (खोया) ज्यादा है, तो गर्म मौसम में इन्हें फ्रिज में रखना बेहतर है. फ्रिज में रखने से पहले इन्हें एयरटाइट पैक करें. खाने से पहले 10–15 मिनट बाहर निकालकर रखें, ताकि स्वाद और टेक्सचर वापस आ जाए.

लंबे समय के लिए स्टोर करने का तरीका

अगर आप गुजिया को महीनों तक सुरक्षित रखना चाहती हैं तो गुजिया को हल्का डबल फ्राई कर लें, इससे नमी कम हो जाती है. पूरी तरह ठंडा करके एयरटाइट कंटेनर में भरें. चाहें तो फ्रीजर में स्टोर करें. फ्रीजर से निकालने के बाद हल्का सा ओवन या कढ़ाही में गर्म कर लें.