बच्चों के लिए सबसे मजेदार त्योहारों में से एक है होली, लेकिन उनकी नाज़ुक त्वचा को केमिकल रंगों से बचाना बहुत जरूरी है. बच्चों को इसकी समझ नहीं होती और वो बहुत ज़्यादा रंग खेलने लगते हैं, किसी भी रंग से खेल लेते हैं और कई बार इस चक्कर में पक्के रंग भी उनके हाथ में आ जाते हैं. जिससे उनकी नाज़ुक स्किन को नुकसान हो सकता है. लेकिन रंग खेलने से पहले बच्चों की सही स्किन केयर करने से एलर्जी, रैशेज और जलन जैसी समस्याओं से बचाव किया जा सकता है. आइए जानते हैं होली से पहले बच्चों की स्किन केयर टिप्स.

अच्छी तरह मॉइस्चराइज करें

होली खेलने से 20–30 मिनट पहले बच्चों की स्किन पर अच्छा मॉइस्चराइजर या क्रीम लगाएँ. इससे त्वचा पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बनती है और रंग सीधे स्किन में नहीं समाते.

नारियल या बादाम का तेल लगाएँ

त्वचा और बालों पर हल्का सा नारियल तेल या बादाम तेल लगाएँ. यह एक नेचुरल बैरियर की तरह काम करता है और बाद में रंग छुड़ाना आसान हो जाता है.

सनस्क्रीन लगाना न भूलें

अगर बच्चे बाहर धूप में होली खेल रहे हैं तो SPF 30 या उससे अधिक वाला सनस्क्रीन जरूर लगाएँ. इसे बाहर जाने से 20 मिनट पहले लगाएँ.

फुल कपड़े पहनाएँ

बच्चों को फुल स्लीव टी-शर्ट और फुल पैंट पहनाएँ, ताकि ज्यादा स्किन एक्सपोज न हो. सूती (कॉटन) कपड़े बेहतर रहते हैं.

नाखून काटकर रखें

होली से पहले बच्चों के नाखून छोटे कर दें. इससे रंग नाखूनों में कम फँसेगा और खुजली करते समय स्किन को नुकसान नहीं होगा.

लिप बाम और वैसलीन लगाएँ

होठों पर लिप बाम और कानों के पीछे, गर्दन व आंखों के आसपास हल्की वैसलीन लगाएँ, ताकि इन सेंसिटिव हिस्सों पर रंग का असर कम हो.

ऑर्गेनिक या हर्बल रंग चुनें

संभव हो तो केमिकल वाले रंगों की बजाय हर्बल या घर पर बने प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करें.