मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां फुआ के घर होली मनाने आई 10वीं की छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सुनसान रास्ते से उठाकर खेत में ले गए आरोपी
पीड़िता रविवार की शाम टहलने के लिए घर से निकली थी। तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों जीतन कुमार, संजीव कुमार और मनीष कुमार ने उसे दबोच लिया। आरोपियों ने लड़की का मुंह दबाया और उसे गोद में उठाकर बूढ़ी गंडक नदी के किनारे एक गेहूं के खेत में ले गए।
जान से मारने की धमकी और हैवानियत
खेत में ले जाकर जीतन और संजीव ने बारी-बारी से छात्रा के साथ दुष्कर्म किया, जबकि मनीष बाहर पहरा देता रहा। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर उसे जान से मारकर नदी में फेंकने की धमकी दी गई। काफी देर तक जब छात्रा घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। खेत के पास पहुंचने पर तीनों आरोपी वहीं मिले, जिन्हें ग्रामीणों ने पकड़कर उनकी धुनाई कर दी और पुलिस के हवाले किया।
पुलिस की कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल का भरोसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी (सकरा-2) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और पुलिस इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द से जल्द आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

