Bihar Top News Today 03 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 03 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

छह बच्चियों की डूबने से मौत

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां मंगलवार की शाम राघवा नदी ने छह मासूमों की जिंदगी ले ली। केसरिया थाना क्षेत्र के राखवा पंचायत में हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। खेल-खेल में नदी किनारे गए ये बच्चे अब कभी लौटकर नहीं आएंगे।

राज्यसभा जाएंगे कुशवाहा

बिहार की राजनीति में होली के त्यौहार के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने बिहार से अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पूर्व विधायक शिवेश राम को मैदान में उतारा है। वहीं, एनडीए गठबंधन के तहत उपेंद्र कुशवाहा के नाम पर भी आधिकारिक सहमति बन गई है।

छात्रा से गैंगरेप

मुजफ्फरपुर। जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां फुआ के घर होली मनाने आई 10वीं की छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ​पीड़िता रविवार की शाम टहलने के लिए घर से निकली थी। तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों जीतन कुमार, संजीव कुमार और मनीष कुमार ने उसे दबोच लिया। आरोपियों ने लड़की का मुंह दबाया और उसे गोद में उठाकर बूढ़ी गंडक नदी के किनारे एक गेहूं के खेत में ले गए।

नकली शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़

मोतिहारी। होली के त्योहार से पहले शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए मोतिहारी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित एक मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं, बल्कि भारी मात्रा में नकद राशि भी जब्त की है।

37 पुलिस कर्मी निलंबित

मोतिहारी। होली के त्योहार से ठीक पहले पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस महकमे के भीतर एक बड़ी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ देखने को मिली है। कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने के आरोप में एसपी स्वर्ण प्रभात ने कड़ा रुख अपनाते हुए 37 सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई ने पूरे जिले के पुलिस बेड़े में हड़कंप मचा दिया है।

पुलिस के सामने भिड़े दो पक्ष

रोहतास जिले के सासाराम नगर थाने में मंगलवार को उस वक्त भारी अफरातफरी मच गई, जब पुलिस की नाक के नीचे ही दो गुट आपस में भिड़ गए। थाने की दहलीज पर कानून का खौफ इस कदर गायब दिखा कि स्टेशन से शुरू हुई रंजिश बीच थाने में ‘महायुद्ध’ में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चलने लगे।

राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा

पटना। बिहार की सियासत में होली के रंगों के बीच चुनावी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्यसभा की खाली हो रही सीटों के लिए अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने नितिन नबीन और शिवेश कुमार को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। इस घोषणा के साथ ही कयासों का बाजार भी गर्म हो गया है, क्योंकि इस बार एनडीए के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा की दावेदारी ठंडे बस्ते में जाती दिख रही है।

विधायक ने किन्नरों के साथ खेली होली

सासाराम। रंगों का त्योहार होली खुशियां बांटने और आपसी भेदभाव मिटाने का पर्व है। इसी संदेश को सार्थक करते हुए डेहरी के लोजपा विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने मंगलवार को एक अनूठी पहल की। उन्होंने अपने आवास पर किन्नर समाज के साथ होली मनाकर न केवल परंपरा निभाई, बल्कि समाज को एक सशक्त संदेश भी दिया। ​विधायक ने डेहरी ऑन सोन स्थित अपने निजी आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में किन्नर समाज के सदस्यों को आमंत्रित किया था। इस दौरान उन्होंने उनके साथ अबीर-गुलाल उड़ाया और उनके बीच बैठकर खुशियां साझा कीं। सोनू सिंह ने कहा कि किन्नर समाज हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा है और उन्हें भी सम्मान के साथ जीने का उतना ही अधिकार है जितना किसी और को। विधायक के इस आत्मीय व्यवहार से किन्नर समाज के लोग काफी भावुक नजर आए।

पप्पू यादव के निशाने पर पवन सिंह

पटना। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी बेबाक राय साझा की है। उन्होंने बिहार की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य और मनोरंजन जगत से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर कड़ा प्रहार किया है। ​पप्पू यादव ने दावा किया कि यदि बिहार की जनता उन्हें एक बार मुख्यमंत्री बनने का मौका दे, तो वह राज्य को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे। उन्होंने एक बड़ा चुनावी वादा करते हुए कहा कि शपथ लेने के 3 महीने के भीतर वे राज्य के सभी प्राइवेट अस्पतालों और स्कूलों का सरकारीकरण कर देंगे, ताकि शिक्षा और इलाज पर सबका समान अधिकार हो।

नितिन नवीन की कुर्ता फाड़ होली

पटना। बिहार में होली का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। पटना के बेली रोड स्थित ‘चटकारा फूड कोर्ट’ में आयोजित होली मिलन समारोह में भाजपा के कद्दावर नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शिरकत की। इस दौरान राजनीति के गंभीर चेहरों पर फागुन का रंग साफ दिखाई दिया। ​समारोह में नितिन नवीन पूरी तरह होली के मूड में नजर आए। उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, आज होली है और आज भाषण नहीं, गाने सुनने का दिन है। जैसे ही ‘पटना में राम खेले होली’ गाना बजा, नितिन नवीन खुद को रोक नहीं पाए और तालियां बजाते हुए फूलों की वर्षा करने लगे। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और दिलीप जायसवाल की मौजूदगी ने उत्साह को दोगुना कर दिया।