कुंदन कुमार, पटना। होली के मौके पर राजद नेता तेजस्वी यादव का एक वीडिो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी बेटी कात्यायनी के साथ होली खेलते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में तेजस्वी अपनी बेटी को रंग-गुलाल लगाते दिख रहे हैं, तो कभी गोद में उठाकर उसे दुलार करते हुए नजर आ रहे हैं। कात्यायनी भी मासूम अदा में रंगों से खेलती नजर आती हैं।

सोशल मीडिया पर दी होली की बधाई

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लिखा- रंगों का ये पावन पर्व हमें याद दिलाता है कि इंसानियत का रंग सबसे गहरा और सबसे खूबसूरत होता है। आज जब हम एक दूसरे को गुलाल लगाएं तो दिलों की दूरियां भी मिटा, मन के मैल भी धो डालें।

उन्होंने आगे कहा, आइए इस होली, नफरत की हर रेखा को प्रेम के रंग से भर दें, भेदभाव की हर दीवार को भाईचारे से ढहा दें। आपस में अमन शांति और एकता का एकमात्र रंग में रंग जाएं। आप सभी बिहारवासियों और देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं। सुख और ख़ुशियों से आप सबों का जीवन सदैव भरा रहे।

देश भर में मशहूर थी लालू यादव की कुर्ता फाड़ होली

गौरतलब है कि बिहार की सियासत में एक समय हुआ करता था, जब लालू प्रसाद यादव के घर की होली की पूरे देश में चर्चा होती थी। 1997 से 2000 के बीच उनके आवास पर ‘कुर्ता फाड़ होली’ की अलग ही धूम रहती थी। नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में जुटते थे और जश्न का माहौल देखते ही बनता था। लेकिन चारा घोटाला और सत्ता से बेदखल होने के बाद हालात बदले और वैसी रौनक फिर नहीं दिखी। धीरे-धीरे राजद परिवार की होली का रंग भी फीका पड़ता चला गया।

ये भी पढ़ें- बिहार से BJP के राज्यसभा उम्मीदवार शिवेश कुमार ने राज्यवासियों को दी होली की बधाई, बोले- 2047 तक विश्व गुरु बनेगा भारत