प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के पास सिर्फ शाकाहारी भोजन बनाया जाता है, जिससे श्रद्धालु भी इसे खा सकें और आसपास की पवित्रता बनी रहे। लेकिन हाल ही में यहां स्थित होटल सम्राट विक्रमादित्य में नॉनवेज बनाने का मामला सामने आया है। इससे जुड़ा कथित CCTV फुटेज भी वायरल हो रहा है जिसमें स्टाफ को ‘मुर्गा मछली वाले हाथ धो लेना’ जैसी बात करते सुना जा सकता है।

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के पास मध्य प्रदेश टूरिज्म द्वारा सम्राट विक्रमादित्य होटल का संचालन किया जा रहा है। इस होटल का एक कथित सीसीटीवी वायरल हो रहा है जिसमें किचन के अंदर मांस जैसे टुकड़े दिखाई दे रहे है। कथित सीसीटीवी वायरल होने के बाद होटल पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हिंदूवादी संगठन और साधु संतों ने इसका विरोध भी जताया है। वहीं  इस मामले में होटल के प्रबंधक सतीश पाठक ने महाकाल थाना पुलिस को आवेदन देकर होटल के ही 4 पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। 

मामले में पुलिस ने धारा 319 (2) 336 (3) और 336 (4) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है । वहीं जब सीसीटीवी वायरल हुआ तो हिंदूवादी संगठन और संतों ने भी इस घटना का विरोध जताया है । उन्होंने कहा है कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत होती है। मामले की वास्तविक जांच की जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो।

मामले में सम्राट विक्रमादित्य होटल के प्रबंधक सतीश पाठक ने बताया कि वीडियो में नॉनवेज बनाते दिखना ऐसा आरोप लगाना गलत है। यह नॉनवेज नहीं बल्कि दही, ब्रेड और चीज़ मिलाकर बनाई गई डिश है जो पूरी तरह शाकाहारी है। होटल के ही 4 पूर्व कर्मचारियों ने साजिश रचते हुए होटल की मेल आईडी का दुरुपयोग कर सीसीटीवी चुराया और उसमें एडिट कर वायरल किया है। चारों कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया गया है। इन कर्मचारियों ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि इनके साथ होटल का 3 साल का एग्रीमेंट हुआ था और इन्हें ट्रेनिंग दी गई थी। लेकिन इन्होंने 3 महीने में ही काम छोड़ दिया। इसलिए होटल प्रबंधन ने इन्हें नोटिस जारी किया है।

वहीं मामले में महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि होटल के चार पूर्व कर्मचारियों ने अनाधिकृत तौर पर ईमेल से सीसीटीवी चुराया। मामले में चारों कर्मचारी प्रियंका पटेल, राकेश सेन, हरिशंकर साहू और अर्पित तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m