सोहराब आलम/मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में खाकी का एक ऐसा मानवीय चेहरा सामने आया है, जिसकी चारों ओर प्रशंसा हो रही है। नगर थाना पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को समय पर इलाज मिल सका, जिससे उनकी जान बच गई।

​अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक

​घटना नगर थाना क्षेत्र के गांधी मैदान के समीप मजुराहा रोड की है। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक छिटककर दूर झाड़ियों में जा गिरे और बेहोश हो गए। सुनसान जगह होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी।

​देवदूत बनकर पहुंची नगर थाना पुलिस

​उसी दौरान नगर थाना की पुलिस टीम इलाके में नियमित गश्ती पर थी। गश्ती दल की नजर अचानक झाड़ियों में पड़े घायल युवकों पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय बिना एक पल गंवाए मानवता दिखाई। जवानों ने खुद अपने हाथों से घायलों को उठाया और अपनी गश्ती गाड़ी से तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

​समय पर इलाज से टला बड़ा खतरा

​अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत घायलों का उपचार शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने सक्रियता नहीं दिखाई होती और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में थोड़ी भी देरी होती, तो उनकी जान जाना तय था। पुलिस की इस मुस्तैदी ने न केवल दो घरों के चिराग बुझने से बचा लिए, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि पुलिस ‘जनता की सेवा’ के अपने संकल्प पर पूरी तरह अडिग है।