सिद्धार्थ शरद/वैशाली। जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां होली के उत्सव के बीच आपसी रंजिश या मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। बिदुपुर थाना क्षेत्र के दाउदनगर गांव स्थित खिलवत बजरंगबली चौक के पास बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक पड़ोसी ने दूसरे पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी।
अचानक चली गोली
मृतक की पहचान स्थानीय निवासी चंदेश्वर दास के पुत्र रंजीत दास (अधेड़) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर थे। चश्मदीदों के अनुसार, रंजीत अपने पड़ोसी अजय सिंह के साथ बैठकर खाना खा रहे थे। दोनों के बीच होली को लेकर हंसी-मजाक और बातचीत चल रही थी। इसी बीच किसी बात पर कहासुनी हुई और आवेश में आकर अजय सिंह ने अचानक तमंचा निकालकर रंजीत की छाती में गोली दाग दी।
इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
गोली चलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान रंजीत को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वैशाली एसपी विक्रम सिहाग और एसडीपीओ सुबोध कुमार ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मुआयना किया।
आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल हत्या का मुख्य कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। बिदुपुर और गंगा ब्रिज थाना की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

