Bihar Politics: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, चुनाव के समय ही स्क्रिप्ट तैयार हो गई थी की 3 महीने के बाद नीतीश कुमार को हटाना है। भारतीय जनता पार्टी का शुरू से रणनीति रहा है, सहयोगियों को धोखा दो अपना राज करो।

रबड़ स्टाम्प होगा बीजेपी का सीएम- तेजस्वी

तेजस्वी ने कहा- भारतीय जनता पार्टी नहीं चाहती है कि बिहार में अति पिछड़ा कोई मुख्यमंत्री बने। इसलिए नीतीश कुमार जी को राज्यसभा भेजा गया है। मेरा लगातार नीतीश कुमार जी के साथ दो बार काम करने का अनुभव रहा है, उससे ज्यादा हमने विपक्ष में काम किया है। लेकिन अब उन्होंने राज्यसभा जाने का फैसला लिया है, तो हमारी सहानुभूति है। वो स्वस्थ रहे मैं यही कामना करता हूं।

तेजस्वी ने कहा कि, नीतीश कुमार पर प्रेशर बनाया जा रहा है। राज्यसभा भेजा जा रहा है, ताकि बीजेपी का बिहार में मुख्यमंत्री बने। लेकिन इतना साफ है, जो भी बिहार बीजेपी का मुख्यमंत्री बनेगा वो रबड़ स्टाम्प होगा। उन्होंने कहा कि, हमने पहले कहा था, नीतीश दिल्ली जाएंगे। हमने कहा था नीतीश सीएम नहीं रहेंगे। मैंने सीएम बदलने की बात कही थी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, बिहार में महाराष्ट्र मॉडल लाया गया। बीजेपी, जिसके साथ रही उसे तबाह किया। बीजेपी बिहार में RSS का मॉडल ला रही है।

दिल्ली में लिखा गया सीएम का ट्वीट- राजद

सीएम नीतीश के एक्स पोस्ट को लेकर राजद नेता मनोज झा का बड़ा बयान सामने आया है। दिल्ली में न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, तमाम बातें अपनी जगह, ये नीतीश कुमार की भाषा नहीं है। विरोध और समर्थन दोनों में हम उनके साथ रहे हैं। ये ट्वीट दिल्ली में लिखा गया है।

राजद सांसद ने आगे कहा कि, कितना बचकाना लगता है, ये सुनना भी… ये कोई बात हुई? सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मैं राज्यसभा में जाना चाहता हूं। इसकी गूंज कई वर्षों तक रहेगी। मनोज झा ने कहा कि, हम (राजद) राजनीतिक तौर पर संघर्ष करेंगे। बिहार की धरती में इस तरह के प्रयोग महाराष्ट्र की तरह सफल हो जाएंगे, इसकी मुझे शंका है।

ये भी पढ़ें- ‘बिहार को धोखा दिया…’, CM नीतीश के राज्यसभा जाने पर रोहिणी आचार्य का बड़ा हमला, बोलीं- भुगतना पड़ रहा अपनों के साथ बेवफाई का नतीजा