पूर्णिया। जिले के अमौर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतका के 16 वर्षीय प्रेमी पर लगा है, जिसने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को बांस की झाड़ियों से लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या लगे।
वॉशरूम के बहाने निकली थी घर से
परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे आरोपी करण विश्वास ने छात्रा को फोन कर मिलने बुलाया था। छात्रा ने घर में चाय बनाने की बात कहकर 10 मिनट के लिए वॉशरूम जाने का बहाना बनाया और घर से करीब 500 मीटर दूर खेत की ओर निकल गई। जब वह आधे घंटे तक नहीं लौटी, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। मोबाइल चेक करने पर आरोपी का कॉल मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पूछताछ की।
रेप के बाद गला घोंटा
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने सच उगल दिया। शाम करीब 5 बजे पुलिस और परिजनों को छात्रा का शव बांस की झाड़ियों में फंदे से लटका मिला। मृतका के शरीर पर जख्म के निशान और गले पर गहरे काले धब्बे मिले हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए उसने शव को पेड़ से लटका दिया।
पुलिसिया कार्रवाई और राजनीतिक प्रतिक्रिया
बायसी एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए GMCH पूर्णिया भेज दिया गया है। इधर, सांसद पप्पू यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपने प्रतिनिधियों को अस्पताल भेजा और पीड़ित परिवार को हर संभव न्याय और मदद दिलाने का भरोसा दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

