IND vs ENG T20 World Cup 2026 2nd Semi-Final: क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म हो गया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।

बता दें कि यह मुकाबला महज सेमीफाइनल नहीं, बल्कि इतिहास रचने का अवसर भी है। इस मैच की विजेता टीम टी20 विश्व कप के इतिहास में चौथी बार यानी सबसे अधिक बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड अपने नाम करेगी। पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब क्रिकेट जगत की निगाहें भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली इस रोमांचक भिड़ंत पर टिकी हैं। यह मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। उससे पहले आइए टी20 फॉर्मेट में दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट, लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स और प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
भारत बनाम इंग्लैंड: हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 मुकाबले हमेशा से रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहे हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 29 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 17 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड को 12 मैचों में सफलता मिली है। आंकड़ों के आधार पर टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है।
टी20 विश्व कप की बात करें तो दोनों टीमें अब तक पांच बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से तीन मुकाबलों में भारत विजयी रहा है, जबकि दो मैच इंग्लैंड ने अपने नाम किए हैं।
इसे भी पढ़ें: IND vs ENG Semi-final: फाइनल का सफर नहीं आसान, टीम इंडिया को वानखेड़े में करना होगा ये ‘चमत्कार’
नॉकआउट चरण में भी दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है। टी20 विश्व कप 2022 और 2024 के सेमीफाइनल में दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी, जिसमें एक-एक मुकाबला दोनों ने जीता।
यदि सभी आईसीसी टूर्नामेंट्स के नॉकआउट मुकाबलों को मिलाकर देखें तो भारत और इंग्लैंड अब तक पांच बार आमने-सामने आए हैं। इनमें भारत ने तीन और इंग्लैंड ने दो मैच जीते हैं। कुल मिलाकर बड़े मुकाबलों में भी भारतीय टीम का रिकॉर्ड थोड़ा बेहतर रहा है।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में हल्की स्विंग मिल सकती है, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, बल्लेबाजी और आसान हो जाती है। लाल मिट्टी की सतह होने के कारण यहां अच्छा उछाल मिलता है और गेंद सीधे बल्ले पर आती है, जिससे बड़े शॉट खेलने में सहूलियत रहती है। छोटी बाउंड्री पावर-हिटर्स के लिए अतिरिक्त फायदा पहुंचाती हैं। यही वजह है कि वानखेड़े को दुनिया के हाई-स्कोरिंग मैदानों में शुमार किया जाता है।
आईपीएल और टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में यहां अक्सर चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिलती है। दोनों पारियों में बल्लेबाजों को लगभग समान मदद मिलती है, इसलिए कोई भी बड़ा स्कोर पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जा सकता।

रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो इस मैदान का सर्वोच्च स्कोर 254/6 है, जो वेस्टइंडीज ने 2026 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया था। भारत का सर्वाधिक स्कोर यहां 247/9 (इंग्लैंड के खिलाफ) और 240/3 (वेस्टइंडीज के खिलाफ) रहा है। वहीं इंग्लैंड का सर्वोच्च स्कोर 230/8 है, जो उसने 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। सबसे कम स्कोर 97 रन रहा है, जो इंग्लैंड ने 2025 में भारत के खिलाफ बनाया था।
सबसे सफल रन चेज 230 रन का है, जिसे इंग्लैंड ने 2016 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध हासिल किया था। वहीं सबसे कम स्कोर का सफल बचाव 161/8 है, जो भारत ने 2026 में अमेरिका के खिलाफ किया था।
व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो इस मैदान पर भारत के लिए सबसे ज्यादा रन विराट कोहली (197 रन) और रोहित शर्मा (165 रन) ने बनाए हैं। सक्रिय खिलाड़ियों में जोस बटलर ने 6 मैचों में 120 रन बनाए हैं, जबकि अभिषेक शर्मा ने 2 मैचों में 135 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में गुडाकेश मोती ने सर्वाधिक 7 विकेट झटके हैं। इसके अलावा आदिल रशीद समेत छह गेंदबाज 5-5 विकेट ले चुके हैं। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 2 मैचों में 4 विकेट हासिल किए हैं।
टॉस की भूमिका कितनी अहम?

वानखेड़े में रात के मुकाबलों के दौरान ओस (ड्यू) अहम भूमिका निभा सकती है। यही कारण है कि टॉस जीतने वाली टीम अक्सर पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है, ताकि लक्ष्य का पीछा करते समय ड्यू का फायदा मिल सके। हालांकि, आंकड़े बताते हैं कि यहां खेले गए 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम—दोनों ने 8-8 मैच जीते हैं। इससे स्पष्ट है कि टॉस निर्णायक साबित नहीं हुआ है। फिर भी कई कप्तान पहले बल्लेबाजी कर स्कोरबोर्ड पर दबाव बनाने की रणनीति अपना सकते हैं।
वानखेड़े में भारत और इंग्लैंड का रिकॉर्ड

वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड ने अब तक 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उसे 3 जीत और 3 हार मिली है। वहीं भारत ने इस मैदान पर 7 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 5 में जीत दर्ज की है और 2 में हार का सामना किया है। इस मैदान पर दोनों टीमें दो बार आमने-सामने आई हैं। इनमें भारत और इंग्लैंड ने एक-एक मैच जीते हैं। हालांकि, आंकड़ों के लिहाज से इस मैदान पर टीम इंडिया का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है।
भारत और इंग्लैंड दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत की प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
इंग्लैंड की प्लेइंग-11
फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद
मैच कहां देखें लाइव? (IND vs ENG T20 World Cup 2026 2nd Semi-Final)

भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध है।
मोबाइल पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध है। अगर आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करें। पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें, ताकि बिना रुकावट मैच देखा जा सके। इसके साथ ही Lalluram.com वेबसाइट पर भी मैच का लाइव स्कोर उपलब्ध है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

