अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र में गुरुवार को पेनार गांव के पास एक पोखर के समीप 65 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात बदमाशों ने वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या की और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पुआल से ढंक दिया।

​दुर्गंध ने खोला राज

​घटना की जानकारी तब हुई जब कुछ किसान बरांव और धारूपुर के बीच गेहूं की पटवन करने खेत पहुंचे थे। पोखर के पास से तेज दुर्गंध आने पर जब किसानों ने खोजबीन की, तो पुआल के ढेर में एक सड़ा-गला शव मिला। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार और पुलिस इंस्पेक्टर अनुज कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।

​चार दिन पहले की हत्या का अनुमान

​मृतक की पहचान हथनी टोला निवासी नथुन राम (65 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शव काफी गल चुका था, जिससे यह अंदेशा है कि हत्या 3-4 दिन पहले ही कर दी गई थी। मृतक के पुत्र हृदय नारायण ने बताया कि उनके पिता रविवार शाम से ही लापता थे। वे अपने पैर के इलाज के लिए घर से निकले थे और अक्सर उसी रास्ते से चर्च जाते थे।

​मोबाइल और आधार कार्ड गायब

​परिजनों ने बताया कि मृतक के पास एक झोला था, जिसमें कुछ पैसे और दस्तावेज थे। शव मिलने के बाद झोला तो मिला, लेकिन उनका मोबाइल फोन और आधार कार्ड गायब था। परिजनों ने किसी से भी पुरानी रंजिश से इनकार किया है, जिससे हत्या की गुत्थी और उलझ गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है और वैज्ञानिक अनुसंधान टीम (FSL) की मदद से जांच तेज कर दी है।