होली का त्योहार खुशियों, उमंग और रंगों से भरा होता है. इस फेस्टिवल पर हर तरफ गुलाल, पिचकारी और रंगों की बौछार देखने को मिलती है. बच्चे हों या बड़े, हर कोई इस दिन मस्ती में रंगों से सराबोर हो जाता है. लेकिन त्योहार खत्म होने के बाद अक्सर एक नई परेशानी सामने आ जाती है और वो है घर की दीवारों पर लगा होली का रंग. ये दीवारों को इतना गंदा कर देता है कि इसे छुड़ाना किसी चैलेंज से कम नहीं लगता है. दरवाजे और दीवारें रंगीन हो जाती है, जो दिखने में काफी खराब लगती है. इतनी जल्दी दोबारा पेंट करना भी पॉसिबल नहीं होता है. कई बार ये रंग इतने गहरे होते हैं कि साधारण पानी से साफ नहीं होते.

खासकर ऑयल बेस्ड या केमिकल वाले रंग दीवारों पर निशान छोड़ देते हैं, जिससे घर की खूबसूरती फीकी पड़ने लगती है. अगर आपके घर की दीवारों पर भी होली का रंग लग गया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप इन दागों को बिना पेंट खराब किए हटा सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही असरदार तरीके.
बेकिंग सोडा और पानी
बेकिंग सोडा हल्का अब्रेसिव होता है, जो दाग हटाने में मदद करता है. 2 चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें. इसे दाग वाली जगह पर लगाकर 5–10 मिनट छोड़ दें. फिर मुलायम कपड़े या स्पंज से हल्के हाथ से रगड़कर साफ कर लें.
टूथपेस्ट का इस्तेमाल
सफेद टूथपेस्ट भी रंग के निशान हटाने में मदद कर सकता है. थोड़ा सा टूथपेस्ट दाग पर लगाएं. नरम कपड़े या ब्रश से हल्के से रगड़ें. बाद में गीले कपड़े से पोंछ दें.
सिरका और पानी
सिरका प्राकृतिक क्लीनर की तरह काम करता है. 1 कप पानी में 2–3 चम्मच सफेद सिरका मिलाएं. स्प्रे बोतल से दाग पर छिड़कें. कुछ मिनट बाद साफ कपड़े से पोंछ दें.
डिशवॉश लिक्विड
हल्के रंग के दाग हटाने के लिए यह तरीका अच्छा है. गुनगुने पानी में थोड़ा डिशवॉश लिक्विड मिलाएं. स्पंज को इसमें डुबोकर दीवार को धीरे-धीरे साफ करें.
मैजिक इरेजर या मुलायम स्पंज
मार्केट में मिलने वाले मैजिक इरेजर स्पंज भी दीवारों के दाग हटाने में काफी असरदार होते हैं. बस हल्का गीला करके दाग पर धीरे-धीरे रगड़ें.
ध्यान रखने वाली बातें
- बहुत जोर से रगड़ने से पेंट खराब हो सकता है.
- पहले दीवार के छोटे हिस्से पर ट्राई करके देखें.
- ऑयल बेस्ड रंग के लिए हल्का साबुन वाला पानी ज्यादा असरदार रहता है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

