प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले में पशु तस्करों की दबंगई सामने आई है। मामला भभुआ थाना क्षेत्र के भरीगावां गांव का है, जहां पशु तस्करों द्वारा ट्रक पर कुछ पशुओं को लोड किया जा रहा था। गांव के तीन युवकों की नजर जब इसपर पड़ी तो उन्होंने उसका पीछा किया। जब उन्होंने भभुआ मोहनिया रोड पर परासिया भाजपा कार्यालय के पास पशु तस्करों का विरोध किया तो उन्होंने गौ-रक्षकों से मारपीट करना शुरू कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।

घटना आज रविवार दोपहर 1:30 बजे की बताई जा रही है। घायलों की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के भरिगावां गांव निवासी उदय प्रताप सिंह के पुत्र सोनू पटेल, नंदलाल सिंह के पुत्र नीतीश पटेल एवं रंजू सिंह के पुत्र विकास पटेल के रूप में हुई है।घटना के बाद भभुआ थाना पहुंचे घायलों ने बताया कि, भरिगावां गांव में मानव भारती स्कूल के पास ट्रक पर पशु लोड किया गया था। वहां पर डायल 112 की पुलिस भी खड़ी थी, जब हम लोग ट्रक का जांच करने गए तो वहां, मौजूद पुलिस कर्मी गाली- गलौज करने लगे।

उन्होंने बताया कि, कुछ देर बाद वहां से पुलिस जाने लगी, तब हम लोगों को पता चला तो ट्रक का पीछा करने लगे। ट्रक वहां से तेजी से सभी पशुओं को लेकर भागने लगा। इस बीच परासिया भाजपा कार्यालय के पास चार से पांच की संख्या में बाइक पर बदमाशों आए और हम लोगों के साथ मारपीट किया। इसकी जानकारी पहले से डायल 112 पुलिस को भी थी, लेकिन उनके द्वारा कुछ नहीं किया गया। इस घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल युवकों ने डायल 112 की पुलिस पर पशु तस्कर से रिश्वत लेने और लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में शिकायत करते हुए कार्रवाई करने का मांग की है। घायलों के साथ में सदर थाना पहुंचे हिंदूवादी संगठन के प्रमुख उत्तम पटेल ने बताया कि, वहां के युवा साथी को पता चला कि ट्रक में मवेशी लदा हुआ है, तो वह ट्रक की जांच करने के लिए गए। वहां पर पहले से मौजूद डायल 112 की पुलिस द्वारा उन्हें गाली गलौज कर वहां से भगा दिया गया। इसके बाद जब वे ट्रक का पीछा करने लगे तो परासिया भाजपा कार्यालय के पास गौर तस्कर बाइक से पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बबुरा में ले जाकर भी उन्हें बुरी तरह से मारा पीटा गया।

उन्होंने बताया कि, जब हम लोगों को इस बात की जानकारी हुई तो, वहां पहुंचकर घायल तीनों युवकों को छुड़ाया गया और उन्हें थाने लाया गया। इसकी जानकारी भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को पहले ही दी गई थी।

इस संबंध विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री अमित ट्विंकल ने बताया कि, आए दिन ऐसा ही घटना होता रहा तो किसी की जान जा सकती है। लेकिन पुलिस पूरी तरह से लापरवाह है। ना इस पर कोई कार्रवाई कर रही है। 24 घंटे के अंदर अगर इस पर कार्रवाई नहीं हुआ तो हम लोग आगे बड़ा कदम उठाएंगे।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी में पंचायती के दौरान भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प, 4 लोग गंभीर रूप से घायल, तीन गिरफ्तार