IND vs NZ T20 World Cup 2026 Final: आज टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने हैं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिशेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जिसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए हैं। अब न्यूजीलैंड को इस मुकाबले को जीतने के लिए 256 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।

बता दें कि इस अहम मुकाबले में भारत के लिए सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में 92 रन बनाकर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर बना दिया। इस दौरान 3 बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। संजू सैमसन ने 46 गेंद में 5 चौके और 8 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 6 चौके और 3 छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। वहीं ईशान किशन ने 25 गेंद में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 54 रन स्कोर किए। कप्तान सूर्या इस मुकाबले में कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। हार्दिक पांड्या ने 13 गेंदों में 18 रन बनाए। जबकि शिवम दुबे ने 26 और तिलक वर्मा ने 8 रन का योगदान टीम के टोटल स्कोर में दिया।

न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी में जेम्स नीशम ने 3 विकेट झटके। उनके अलावा मैट हेनरी और रचिन रवींद्र को 1-1 सफलता मिली।

भारत ने बनाया टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर

गौरतलब है कि 255 रन का स्कोर टूर्नामेंट के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा टोटल है। इससे पहले कोई भी टीम फाइनल में इतना बड़ा स्कोर नहीं बना पाई थी।

सालविजेतास्कोरउपविजेतापरिणाम
2007भारत157/5पाकिस्तान (152)भारत 5 रन से जीता
2009पाकिस्तान139/2श्रीलंका (138/6)पाकिस्तान 8 विकेट से जीता
2010इंग्लैंड148/3ऑस्ट्रेलिया (147/6)इंग्लैंड 7 विकेट से जीता
2012वेस्टइंडीज137/6श्रीलंका (101)वेस्टइंडीज 36 रन से जीता
2014श्रीलंका134/4भारत (130/4)श्रीलंका 6 विकेट से जीता
2016वेस्टइंडीज161/6इंग्लैंड (155/9)वेस्टइंडीज 4 विकेट से जीता
2021ऑस्ट्रेलिया173/2न्यूजीलैंड (172/4)ऑस्ट्रेलिया 8 विकेट से जीता
2022इंग्लैंड138/5पाकिस्तान (137/8)इंग्लैंड 5 विकेट से जीता
2024भारत176/7साउथ अफ्रीका (169/8)भारत 7 रन से जीता
2026भारत 255/5न्यूजीलैंडमैच जारी

भारत ने बनाया टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर

बता दें कि भारत का 255 रन का स्कोर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड 260 रन है, जो 2007 में केन्या के खिलाफ श्रीलंका ने बनाया था। भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में तीसरी बार 250 रन का आंकड़ा पार किया है। टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में 256 रन बनाए थे, जबकि सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 253 रन का आंकड़ा छुआ था और आज फाइनल में एक बार फिर 255 रन का स्कोर खड़ा करते हुए इतिहास रच दिया है।

भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका

भारतीय टीम के पास इस मुकाबले में एक और इतिहास रचने का मौका भी है। अगर टीम फाइनल में न्यूजीलैंड को हराती है, तो वह पहली होस्ट टीम बन जाएगी जिसने टी20 विश्व कप का खिताब जीता हो। साथ ही टीम पहली बार बैक-टू-बैक खिताब जीतने वाली टीम भी बन जाएगी। इसके अलावा तीसरी बार टी20 ट्रॉफी जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन जाएगी। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप का पहला टूर्नामेंट 2007 में हुआ था और अब तक भारत, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दो-दो बार खिताब जीत चुके हैं, जबकि पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया एक-एक बार चैंपियन बने हैं।

भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत की प्लेइंग-11

संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11

टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलेन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जैकब डफी, मैट हेनरी, लोकी फर्ग्यूसन।

मैच कहां देखें लाइव? (IND vs NZ, T20 World Cup 2026 Final)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप के इस फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध है।

मोबाइल पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध है। अगर आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करें। पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें, ताकि बिना रुकावट मैच देखा जा सके। इसके साथ ही Lalluram.com वेबसाइट पर भी आप मैच का लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H