अविनाश श्रीवास्तव, सासाराम। रोहतास जिले से कैंसर पीड़ित मरीजों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल सदर अस्पताल सासाराम में सोमवार को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए ऐतिहासिक स्वास्थ्य सेवा की शुरुआत हुई है। अब कैंसर के स्थानीय मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली, पटना अथवा वाराणसी जैसे बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।

कैंसर उपचार और कीमोथेरेपी सेवा का शुभारंभ

सदर अस्पताल के एसीएमओ डॉ बीके पुष्कर ने सोमवार को कैंसर स्क्रीनिंग और कीमोथेरेपी सुविधा का फीता काटकर आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉ पुष्कर ने बताया कि अस्पताल परिसर में एक छः बेड का कैंसर वार्ड तैयार किया है, जहां मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। हालांकि अस्पताल में कैंसर स्क्रीनिंग की सुविधा पहले से हीं मौजूद है, लेकिन अब मरीजों को कीमोथेरेपी भी दी जाएगी।

विशेषज्ञ चिकित्सक की देखरेख में होगा इलाज

बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की पहल पर सदर अस्पताल सासाराम में मुजफ्फरपुर स्थित होमी जहांगीर भाभा अस्पताल के सौजन्य से कीमोथेरेपी सुविधा का शुभारंभ किया गया है। इतना हीं नहीं उक्त संस्थान के विशेषज्ञ चिकित्सक की देखरेख में हीं यहां कैंसर पीड़ित मरीजों का समुचित इलाज किया जाएगा।

समय और पैसों की होगी बचत

डॉ पुष्कर ने कहा कि, सदर अस्पताल में कैंसर का इलाज शुरू होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि मरीजों का आर्थिक बोझ भी कम होगा। अब मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल कैंसर वार्ड में ब्रेस्ट कैंसर व ओरल कैंसर के कुल पांच मरीज भर्ती किए गए हैं, जिनका समुचित इलाज शुरू किया गया है।

ये भी पढ़ें- बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी का बड़ा फैसला, इन दो नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी, 5वीं सीट पर फंस सकता है पेच