MP Road Accident: मध्य प्रदेश में मंगलवार को कई जगहों पर दर्दनाक सड़क हादसे हुए। नर्मदापुरम में जहां बारातियों से भरी गाड़ी पलट गई। वहीं मैहर माता के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा बोलेरो पन्ना में पलट गया। इसी तरह टीकमगढ़ में एक ट्रक नाले में गिर गया। 

नर्मदापुरम में बारातियों की गाड़ी पलटी

इंद्रपाल सिंह, नर्मदापुरम। सिवनी मालवा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बाबड़िया भाऊ के पास बारातियों से भरी एक तूफान गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसे में कुल 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार खंडवा जिले के दग्गड़खेड़ी गांव से लोग नर्मदापुरम में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार की वजह से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे नहर में जा गिरी। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मिलकर गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। 

सूचना मिलते ही डायल 112 और एम्बुलेंस भी मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सिवनी मालवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सिवनी मालवा अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पलटी

इदरीश मोहम्मद, पन्ना। जिले के शाहनगर में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां मैहर माता के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। यह दुर्घटना शाहनगर-झुकेही मार्ग पर रामराजा कंपनी के पास स्थित एक खतरनाक मोड़ पर हुई। 

​मिली जानकारी के अनुसार, तिदुनी गांव से सात श्रद्धालु बोलेरो (क्रमांक MP 65 C 1457) में सवार होकर मैहर के लिए निकले थे। कचौरी गांव के पास अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बोलेरो सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

​घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँचे। रेस्क्यू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। इस दुर्घटना में वाहन चालक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर में भर्ती कराया गया है।  

बतादें कि बराहत की बात यह है कि शेष पांच यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और समय रहते मिली मदद से एक बड़ा हादसा टल गया।

टीकमगढ़ में नाले में गिरा ट्रक

मुकेश सेन, टीकमगढ़। तेज रफ्तार आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर नरोसा नाले में जा गिरा। गनीमत है कि ड्राइवर ने कूद कर अपनी जान बचाई। घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के खेल ग्राउंड के पास की है। 

बताया जा रहा है कि ट्रक टीकमगढ़ से सागर की ओर जा रहा था। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m