National Morning News Brief (नेशनल मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (10 मार्च 2026) की खबरों में जंग का असर आम आदमी पर नहीं पड़ना चाहिए; पीएम मोदी, 2029 में महिलाओं को मिलेगा 33% हक, इंडिगो के CEO पीटर एलबर्स ने दिया इस्तीफा, SC का कोविड-वैक्सीनेशन पर मुआवजा पॉलिसी बनाने का निर्देश, CBSE के 12वीं के एग्जाम पेपर में बड़ा झोल प्रमुख रहा।

जंग का असर आम आदमी पर नहीं पड़ना चाहिए; पीएम मोदी
खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध से हालात दिन ब दिन बिगड़ते जा रहे हैं। वैश्विक ऊर्जा का संकट गहराता जा रहा है। तेल और गैस की आर्पूर्ति पर असर पड़ने से दुनिया के अधिकांश देशों में हाहाकार मचा हुआ है। इस बीच नई दिल्ली में आज पीएम मोदी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक हुई जिसमें कई अहम फैसले लिए गए। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने निर्देश दिया कि खाड़ी के देशों में चल रहे इस जंग का आम जनता पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रालय और विभाग मिलकर काम करें।

2029 में महिलाओं को मिलेगा 33% हक
महिला आरक्षण को लेकर देश में लंबे समय से चली आ रही बहस अब एक नए मोड़ पर पहुंचती दिख रही है. केंद्र सरकार अब ऐसा रास्ता तलाश रही है जिससे संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ जल्द मिल सके. दरअसल 2023 में पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के तहत यह आरक्षण अगली जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया के बाद ही लागू होना था. लेकिन जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन में समय लगने की वजह से यह आशंका जताई जा रही थी कि महिलाओं को इसका फायदा मिलने में कई साल और लग सकते हैं. इसी देरी को देखते हुए सरकार अब कानून में संशोधन का विकल्प तलाश रही है.

इंडिगो के CEO पीटर एलबर्स ने दिया इस्तीफा
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) पीटर एलबर्स ने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने मंगलवार 10 मार्च को रेगुलेटरी फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। एलबर्स के जाने के बाद अब कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया अंतरिम तौर पर एयरलाइन के कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे। 3 महीने पहले इंडिगो को भारी फ्लाइट ऑपरेशंस संकट का सामना करना पड़ा था। उस दौरान करीब 3 लाख यात्री फंसे रह गए थे, जिसके बाद एविएशन रेगुलेटर DGCA ने एयरलाइन पर ₹22.20 करोड़ का भारी जुर्माना भी लगाया था।

SC का कोविड-वैक्सीनेशन पर मुआवजा पॉलिसी बनाने का निर्देश
देश की शीर्ष अदालत सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को कोविड-19 वैक्सीनेशन के बाद के साइड इफेक्ट्स की जांच के लिए एक्सपर्ट पैनल के गठन से इनकार कर दिया। शीर्ष अदालत के इस फैसले से केंद्र सरकार को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया कि वह उन लोगों के लिए नो-फॉल्ट मुआवजा नीति तैयार करे, जिन्हें कोविड-19 टीकाकरण के बाद गंभीर प्रतिकूल घटनाओं का सामना करना पड़ा है। कोर्ट ने साइड इफेक्ट्स से जुड़े आंकड़े समय-समय पर सार्वजनिक करने को भी कहा है।

CBSE के 12वीं के एग्जाम पेपर में बड़ा झोल
CBSE Board Exam 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) बोर्ड एग्जाम 2026 अपने समापन की ओर हैं. हालांकि मिडिल ईस्ट में युद्ध की वजह से 6 देशों में एग्जाम को टाल दिया गया है. इस बीच 9 मार्च को देशभर में 12वीं के स्टूडेंट्स के लिए मैथमेटिक्स का एग्जाम आयोजित किया गया. एग्जाम तो सुचारु रूप से संपन्न हो गया, लेकिन घर आकर स्टूडेंट्स की चिंता बढ़ गई. दरअसल, 12वीं मैथमेटिक्स के पेपर पर दिए गए QR कोड को स्कैन करने पर यूट्यूब का लिंक खुल रहा है. ऐसे में स्टूडेंट्स और पैरेंट्स की चिंता पेपर के नकली होने को लेकर बढ़ गई. इस मामले में सीबीएसई ने स्पष्टीकरण जारी किया है.
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
अमेरिका की धमकी पर ईरान का दो टूक जवाब; Israel Iran War: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी का कड़ा जवाब दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर तेल की सप्लाई रोकी गई तो ईरान पर भीषण हमला किया जाएगा. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने ट्रंप को सख्त जवाब देते हुए कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की खेप तो छोड़िए, एक लीटर तेल भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा. विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखने की यह चेतावनी पूरी दुनिया के लिए खतरे की घंटी है और आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतें और बढ़ सकती हैं. (पढ़े पूरी खबर)
स्पेस मेडिसिन का विश्वगुरु बनेगा भारत: भारत अब स्पेस मेडिसिन के क्षेत्र में बहुत कुछ बड़ा करने जा रहा है. इसके लिए देश के दो लीडिंग संस्थानों ने आपस में हाथ मिलाया है. मेडिकल के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज नई दिल्ली और अंतरिक्ष मामलों के टॉप संगठन इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन के एचएसएफसी ने पहली बार ऐतिहासिक एमओयू साइन किया है. इसके तहत अब स्पेस और मेडिकल संबंधी 6 प्रमुख विषयों पर गहन रिसर्च किया जाएगा. एम्स और इसरो का ह्यूमन स्पेस फ्लाइट सेंटर अब भारत में स्पेस मेडिसिन रिसर्च को आगे बढ़ाने जा रहे हैं. इस दौरान इसरो के वैज्ञानिक और एम्स के डॉक्टर मिलकर यह अध्ययन करेंगे कि अंतरिक्ष यात्रा का मानव शरीर पर क्या प्रभाव पड़ता है. (पढ़े पूरी खबर)
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश: Oppostion Confidence Motion Om Biral: संसद के बजट सत्र के दूसरे फेज (Budget Session-2026 Phase-2) के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। कार्यवाही शुरू होते ह विपक्ष चुनाव आयोग पर वोट की दलाली करने के आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। विपक्षी सांसदों ने ‘देश को बचाना है, मोदी को हटाना है, ‘मोदी सरकार शेम-शेम’, ’वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। इसके बाद विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। 50 से ज्यादा सांसदों ने पक्ष में वोट किया। इसके बाद पीठासीन ने प्रस्ताव पेश करने की परमिशन दे दी। अब इस प्रस्ताव पर 10 घंटे की चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि विपक्ष के भारी हंगामे के कारण कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। (पढ़े पूरी खबर)
ईरान- अब एक टन से ज्यादा वॉरहेड वाली मिसाइलें दागेगा: जंग के बीच ईरान ने बड़ा ऐलान किया है। IRGC ने कहा कि अब एक टन से ज्यादा वॉरहेड वाली मिसाइलें लॉन्च की जाएंगी, जिससे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ सकता है। मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद हालात और अधिक गंभीर हो गए हैं। इसके बाद से ईरान ने इजरायल के साथ-साथ मिडिल ईस्ट के कई देशों पर मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। अब ईरान ने चेतावनी दी है कि आगे वह एक टन से ज्यादा वजन वाले वॉरहेड वाली मिसाइलें ही लॉन्च करेगा, जिससे संघर्ष और खतरनाक हो सकता है। (पढ़े पूरी खबर)
मिडिल ईस्ट में जंग के बीच संकट में फंसा बांग्लादेश: अमेरिका ईरान युद्ध का असर पूरी दुनिया में दिखाई दे रहा है. कई देश जो तेल आपूर्ती के लिए ईरान पर निर्भर हैं उनके यहां तेल की कमी होने लगी है, जिससे तेल के दाम में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. बांग्लादेश भी ऐसे ही देशों में से एक है. इस बीच भारत ने पड़ोसी धर्म निभाते हुए बांग्लादेश के सामने मदद का हाथ बढ़ाया है. भारत ने तय किया है कि वह बांग्लादेश को 5,000 टन डीजल की आपूर्ति करेगा. यह खेप मंगलवार को पारबतिपुर सीमा के रास्ते बांग्लादेश में प्रवेश करने की उम्मीद है. यह आपूर्ति उस समझौते का हिस्सा है जिसके तहत भारत हर साल पाइपलाइन के जरिए बांग्लादेश को 1,80,000 टन डीजल देगा. (पढ़े पूरी खबर)
जल जीवन मिशन 2.0 लॉन्च : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज (मंगलवार, 10 मार्च 2026 को) हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 6 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है, जिन पर कुल 8.8 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना है। इस मीटिंग में कैबिनेट ने जल जीवन मिशन का विस्तार करने और उसे 2028 तक जारी रखने को मंजूरी दी है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चुनावी राज्य तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल को बी तोहफा दिया है। कैबिनेट ने तमिलनाडिु के मदुरै हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। (पढ़े पूरी खबर)
भारत में LPG Cylinder की स्ट्राइक: LPG cylinder Crisis: अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का 11वां दिन हैं। मिडिल-ईस्ट में चल रहे युद्ध का असर अब भारत-पाकिस्तान समेत अन्य देशों पर भी दिखने लगा है। देश के कई बड़े शहरों में एलपीजी सिलेंडर की दिक्कत हो रही है। महाराष्ट्र कर्नाटक-राजस्थान-पंजाब में कॉमर्शियल सिलेंडर सप्लाई पर रोक लगा दी गई है। जबकि सिलेंडर की कमी के कारण मुंबई के 20% होटल बंद हो गए हैं। गर स्थिति नहीं सुधरी तो अगले दो दिनों में मुंबई के 50% होटल बंद हो सकते हैं। (पढ़े पूरी खबर)
भारत के ‘भार्गवास्त्र’ और रोबोट सैनिक से कांपेगा दुश्मनः नागपुर में शनिवार को सोलर ग्रुप द्वारा ‘सोलर रोबोटिक्स और यूएवी विनिर्माण परियोजना’ (Solar Robotics and UAV Manufacturing Project) का भूमिपूजन किया गया. यह भूमिपूजन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों संपन्न हुआ. इसी परियोजना के माध्यम से अगले साल तक ऐसा पहला रोबोट तैयार होगा, जो भारत की सीमा पर माइनस 40 डिग्री की कड़ाके की ठंड में भी गश्त करने में सक्षम होगा. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को नागपुर में सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) द्वारा स्थापित किए जाने वाले यूएवी और रोबोट निर्माण संयंत्र के भूमिपूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री की इस बात की पुष्टि नागपुर के सोलर ग्रुप के अध्यक्ष सत्यनारायण नुवाल ने की है. (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

