मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले के दौरे पर थे। जहां उन्होंने एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी का उदघाटन किया। यहां उन्होंने मजदूरों के बच्चों के लिए लाइब्रेरी बनाने की घोषणा भी की। इसके बाद वह ट्रांजिट विजिट पर खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना हुए।

सागर में CM डॉ. मोहन का बड़ा ऐलान

उमेश यादव, सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर के जैरई में ज्ञानवीर विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया। साथ ही आयोजित रोजगार मेले में पहुंचकर युवाओ को संबोधित किया। 

सीएम डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा, ‘बुंदेलखंड वीरों और महावीरों की धरती है, जिसने हर दौर में स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा की है। महाराजा छत्रसाल ने 50 से अधिक लड़ाइयां लड़कर इस क्षेत्र के गौरव को दुनिया में स्थापित किया। कांग्रेस के समय बुंदेलखंड के लिए सिर्फ बातें होती थीं, लेकिन हमारी सरकार ने जमीन पर काम करके दिखाया है।’

सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बुंदेलखंड के विकास के लिए 27,000 करोड़ रुपये के काम मंजूर किए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर देने के लिए हमने राज्य बजट से सागर में ही राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की है। सीएम ने युवाओ से कहा कि माता-पिता हमारे लिए भगवान समान होते हैं, और परिवार की परंपरा ही समाज को अमर बनाती है। भारतीय संस्कृति ने ज्ञान की परंपरा के आधार पर दुनिया में भारत को विशिष्ट पहचान दिलाई है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से भारत शिक्षा और तकनीक दोनों में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है, एआई के मामले में भी भारत आगे बढ़ रहा है।

राहतगढ़ और जैसीनगर में लाइब्रेरी बनाने की घोषणा 

सीएम ने आगे कहा, ‘हमारे बच्चों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। वे पढ़-लिखकर देश को आगे बढ़ाने की क्षमता रखते हैं। राहतगढ़ और जैसीनगर में श्रमिकों के बच्चों के लिए दो नई लाइब्रेरी बनाने की घोषणा करता हूं। विश्वविद्यालय, महाविद्यालय और विद्यालय कई पीढ़ियों तक समाज के ज्ञान और गौरव को बढ़ाते हैं। खेल के क्षेत्र में भी भारत के खिलाड़ियों ने दुनिया में देश का नाम रोशन किया है।’

खजुराहो से दिल्ली के लिए रवाना 

शशांक द्विवेदी, खजुराहो। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ट्रांजिट विजिट पर खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे। जहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री दिल्ली के लिए प्लेन से रवाना हो गए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m