दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पुलगांव थाना क्षेत्र में करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर उगाई जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में बीज सप्लाई करने वाले चौथे आरोपी को भी पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेत में उगाई जा रही अफीम की फसल जब्त की थी। जब्त किए गए अफीम के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब इस प्रकरण में चौथा आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी की पहचान छोटू राम (62) निवासी जोधपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।

मक्का के खेत के बीच छिपाकर उगाई जा रही थी अफीम

पुलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी जेवरा-सिरसा इलाके में ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के बीच स्थित खेत में अवैध अफीम की खेती किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पाया कि मक्का और भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे, ताकि बाहरी लोगों को इस पर संदेह न हो।

5 एकड़ से अधिक जमीन में फैली थी अफीम की खेती

संयुक्त पुलिस टीम ने खेत का निरीक्षण कर करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन में लगे अफीम के पौधों को जब्त किया। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए पौधों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पहले तीन आरोपी गिरफ्तार, अब चौथा भी पकड़ाया

पुलिस जांच के दौरान पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें विकास बिश्नोई (जोधपुर, राजस्थान), विनायक ताम्रकार (तेमरापारा, दुर्ग) और मनीष उर्फ गोलू ठाकुर (समोदा) शामिल हैं। जांच में सामने आया कि अफीम की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराने में छोटू राम की अहम भूमिका थी। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

खेती के लिए ट्रैक्टर, जेसीबी और हार्वेस्टर का इस्तेमाल

पुलिस ने आरोपियों से खेती में उपयोग किए जा रहे कई उपकरण भी जब्त किए हैं। इनमें 2 ट्रैक्टर, 2 जेसीबी, 2 मोटरसाइकिल और 1 हार्वेस्टर शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं आरोपी छोटू राम के पास से नकद 2220 रुपये और एक स्मार्टफोन भी बरामद किया गया है।

एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा-सिरसा की संयुक्त पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H