नरेश शर्मा, रायगढ़। शहर से लगे गोवर्धन क्षेत्र स्थित पचधारी डैम में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीन दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर पहुंची बचाव दल की टीम ने काफी देर की मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर लिया। मृतक की पहचान शाश्वत गुरु के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, युवक अपने तीन दोस्तों के साथ पचधारी डैम में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस को खबर दी गई, जिसके बाद बचाव दल को मौके पर बुलाया गया।
रेस्क्यू टीम ने डेम में खोजबीन शुरू की और कुछ देर बाद युवक का शव बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पचधारी डैम में हर साल इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। डैम में नहाने पर प्रतिबंध के बोर्ड भी लगाए गए हैं, बावजूद इसके गर्मी के दिनों में यहां बड़ी संख्या में लोग नहाने और घूमने पहुंच जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
इधर, एसएसपी शशिमोहन सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि प्रतिबंधित स्थानों पर न जाएं और पचधारी डैम जैसे गहरे जलाशयों से दूर रहें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

