शिवम मिश्रा, रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास नवा रायपुर में हुई। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र की रणनीति और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में विशेष रूप से आगामी विधानसभा में पेश किए जाने वाले महत्वपूर्ण विधेयकों पर मंथन किया गया। बजट सत्र के दौरान धर्मांतरण विरोधी कानून सहित कई अहम विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे, जिस पर पार्टी के विधायकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।



इसके अलावा बैठक में राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक रणनीति पर भी विचार किया गया। खासतौर पर बंगाल और असम चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश के सभी भाजपा विधायक मौजूद रहे।
सीएम ने सत्र में सभी विधायकों की उपस्थिति के दिए निर्देश
बैठक से बाहर निकलने के बाद विधायक धरम लाल कौशिक ने बताया, बैठक में विधानसभा बजट सत्र के बचे हुए आगामी दिनों को लेकर रणनीति बनाई गई। सत्र में मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों की उपस्थिति के निर्देश दिए। वहीं आगामी दिनों को लेकर विधायकों ने भी अपने सुझाव दिए। कौशिक ने बताया, आने वाले दिनों में विधानसभा में महत्वपूर्ण विधेयक भी पेश होंगे, इस पर चर्चा की गई।

