Harshit Rana ruled out: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए एक बेहद निराश करने वाली खबर सामने आई है. टीम का स्टार तेज गेंदबाज पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गया है.
Harshit Rana ruled out: जिस बात का डर था वही हुआ है. टी20 विश्व कप 2026 से बाहर रहने वाले हर्षित राणा आईपीएल 2026 भी नहीं खेल पाएंगे. करीब एक महीने पहले टी20 वर्ल्ड कप के दौरान एक वॉर्म-अप मैच में लगी चोट से वो पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं. इसलिए आईपीएल के 19वें सीजन में एक भी मैच नहीं खेल पाएंगे. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज का बाहर होना केकेआर के लिए बहुत बड़ा झटका है, क्योंकि वो सिर्फ पेस अटैक की जान ही नहीं थे बल्कि डेथ ओवरों में उनकी सटीक गेंदबाजी जीत की गारंटी मानी जाती थी. तीन बार की चैंपियन केकेआर बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को पहले ही रिलीज कर चुकी है और अब राणा का चोटिल हो जाना चौथी बार ट्रॉफी उठाने के प्लान पर पानी फिरने जैसा ही है.
हर्षित पिछले तीन सीजन से केकेआर के लिए बढ़िया बॉलिंग करते आए हैं. उनके पास न केवल 140+ की रफ्तार है, बल्कि वे निचले क्रम में आकर लंबे छक्के मारने की काबिलियत भी रखते हैं. यही वजह है कि वो एक कंप्लीट ऑलराउंडर की भूमिका निभाते थे. हालांकि केकेआर के खेमे से एक अच्छी खबर भी आई है कि टीम ने जिम्बाब्वे के स्टार बॉलर ब्लेसिंग मुजरबानी को मुस्तफिजुर रहमान की जगह अपने साथ जोड़ लिया है, लेकिन हर्षित का बाहर होना एक घरेलू खिलाड़ी की जगह खाली कर देता है, जिसका रिप्लेसमेंट तलाशना केकेआर के लिए आसान नहीं होगा.
अब कौन बचाएगा लाज?
अब सवाल ये है कि हर्षित की भरपाई कौन करेगा, कौन टीम की लाज बचाएगा? केकेआर के खेमे पर नजर डालें तो उनके पास वैभव अरोड़ा, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, उमरान मलिक और आकाश दीप जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं. देखना ये भी होगा कि क्या केकेआर किसी नए खिलाड़ी को लाती है या फिर इन गेंदबाजों से काम चलाएगी.
IPL 2025 में कैसा रहा था प्रदर्शन?
हर्षित राणा ने आईपीएल 2025 में भी बढ़िया प्रदर्शन किया था. भले ही टीम टॉप 4 में नहीं पहुंची थी, लेकिन हर्षित ने अपनी कातिलाना गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया था. उन्होंने न केवल विकेट चटकाए, बल्कि पावरप्ले और डेथ ओवर्स में बेहद किफायती गेंदबाजी की थी. राणा 13 मैचों में 15 विकेट निकालने में सफल रहे थे. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 25 रन देकर 3 विकेट था.
कैसा है हर्षित राणा का क्रिकेट करियर?
दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले हर्षित राणा ने साल 2022 में आईपीएल डेब्यू किया था. उन्होंने केकेआर के लिए अब तक 33 मैच खेलकर 40 विकेट निकाले हैं. लगातार 3 सीजन बढ़िया प्रदर्शन करके उन्होंने टीम इंडिया में जगह बनाई और तीनों फॉर्मेट में डेब्यू भी किया. 24 साल के हर्षित के पास बढ़िया लाइन-लेंथ और गति है. वो भारत के लिए 2 टेस्ट में 4, 14 वनडे में 26 जबकि 9 टी20 मैचों में 9 विकेट ले चुके हैं.
चौथे खिताब पर केकेआर की नजर
केकेआर 2008 से ही आईपीएल का हिस्सा है. इस टीम के पास तीन खिताब हैं. इस बार वो चौथी ट्रॉफी जीतना चाहेगी. केकेआर ने गौतम गंभीर की कप्तानी में 2012 और 2014 का टाइटल जीता था. फिर 2024 का खिताब श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अपने नाम किया.
आईपीएल 2026 में केकेआर के पहले 4 मैचों का शेड्यूल
29 मार्च 2026- बनाम मुंबई इंडियंस, 7:30 बजे, मुंबई
2 अप्रैल 2026- बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, 7:30 बजे, कोलकाता
6 अप्रैल 2026- बनाम पंजाब किंग्स, 7:30 बजे, कोलकाता
9 अप्रैल 2026- बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, 7:30 बजे, कोलकाता
कोलकाता नाइट राइडर्स का स्क्वाड (Kolkata Knight Riders Squad)
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, कैमरन ग्रीन, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, रोवमैन पॉवेल, अनुकूल रॉय, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रविंद्र, रमनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, आकाश दीप, हर्षित राणा, उमरान मलिक और ब्लेसिंग मुजरबानी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

