​पटना। राजधानी के धनरूआ थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। एक बेकाबू हाईवा (डंपर) ने डायल 112 की पुलिस वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं भागने की कोशिश में हाईवा पुल की रैलिंग से टकराकर आग का गोला बन गया।

​छेड़खानी की शिकायत पर जा रही थी पुलिस

​घटना भखरी पुल के पास की है। डायल 112 की टीम को एक गांव से छेड़खानी की सूचना मिली थी। ASI मोहम्मद असलम कुरैशी, महिला कांस्टेबल मुन्नी कुमारी और ड्राइवर दिलीप कुमार अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी गाड़ी को रौंदने की कोशिश की।

​रैलिंग से टकराते ही हाईवा बना आग का गोला

​पुलिस वैन को टक्कर मारने के बाद हाईवा चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण गाड़ी पुल की रैलिंग से जा टकराई। टक्कर लगते ही हाईवा में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने जहानाबाद निवासी क्लीनर पंकज कुमार को हिरासत में ले लिया है।

पैर कांपने लगे, मौत सामने थी

​हादसे में घायल पुलिसकर्मियों ने अपना आपबीती साझा की:
​महिला कांस्टेबल मुन्नी कुमारी: हादसे के बाद डर के मारे मेरा शरीर थरथराने लगा। हमें सूचना मिली थी जिस पर हम कार्रवाई के लिए जा रहे थे।

​ASI असलम कुरैशी: टक्कर के बाद हमारी गाड़ी सड़क के एक किनारे जा फेंकी गई। हमें हल्की चोटें आई हैं, लेकिन गाड़ी पूरी तरह डैमेज हो गई।

​ड्राइवर दिलीप कुमार: अगर हाईवा बीच में टक्कर मारता तो वह हमारी गाड़ी के ऊपर चढ़ जाता और हम तीनों की जान जा सकती थी।

​दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

​दमकल विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद हाईवा में लगी आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक वह जलकर राख हो चुका था। पुलिस अब हाईवा के मालिक का पता लगा रही है और फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।