पटना। राजधानी के राजीव नगर थाना क्षेत्र में जालसाजी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक शातिर ठग ने एक महिला को ‘माननीय’ बनाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। जालसाज ने न केवल राज्यपाल का पद दिलाने का वादा किया, बल्कि महिला के बेटे को फिल्म स्टार बनाने का भी झांसा दिया।
बड़े राजनीतिक रसूख का दिया हवाला
पीड़िता अनीता मिश्रा के अनुसार, आरोपी युवराज प्रताप सिंह ने खुद को एक रसूखदार व्यक्ति बताया। उसने दावा किया कि एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष से उसके सीधे संबंध हैं। महिला को विश्वास दिलाने के लिए उसने अशोक और शहनवाज नाम के दो व्यक्तियों से फोन पर बात करवाई और फिर किसी ऐसे शख्स से बात कराई जिसकी आवाज एक बड़े कद्दावर नेता से हूबहू मिल रही थी।
पद के साथ-साथ संपत्ति का भी लालच
ठग ने अनीता मिश्रा को विश्वास दिलाया कि उनके राज्यपाल बनने की फाइल राष्ट्रपति के पास हस्ताक्षर के लिए भेजी जा चुकी है। इसके अलावा, आरोपी ने उन्हें शिमला में जमीन, दिल्ली में फ्लैट और पटना के एसके पुरी में आलीशान मकान दिलाने का वादा किया। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता के बेटे को बॉलीवुड में हीरो बनाने का भी सपना दिखा दिया।
दो किस्तों में वसूली और शिमला की यात्रा
महिला ने झांसे में आकर आरोपी को दो किस्तों में कुल 10 लाख रुपये दे दिए। आरोपी इतना शातिर था कि उसने पीड़िता के ही पैसों से उन्हें शिमला की सैर कराई और वहां फर्जी जमीन दिखाकर उनका भरोसा जीत लिया। पीड़िता की आरोपी से पहली मुलाकात उनके घर के नीचे स्थित एक पार्लर में हुई थी।
पुलिस की कार्रवाई
काफी समय बीतने के बाद जब न तो पद मिला और न ही संपत्ति, तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। राजीव नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी युवराज प्रताप सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

