कुंदन कुमार, पटना। बिहार में 5 सीटों पर हो रहे राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म है। राजधानी पटना में आज रविवार (15 मार्च) को चुनाव से एक दिन पहले बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में बीजेपी नेता और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर एनडीए विधायकों की अहम बैठक हुई, जिसमें कई बड़े नेता और पदाधिकारी भी शामिल हुए। कल होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सभी सीटों पर होगी हमारी जीत- लखेंद्र पासवान

सम्राट चौधरी के आवास पर हुई इस बैठक में एनडीए के विधायकों ने राज्यसभा चुनाव को लेकर मॉक पोल किया। इसकी जानकारी जानकारी देते हुए बिहार सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान ने बताया कि, हम लोग एक जुट हैं। नए-नए जो विधायक बने हैं, वो कल कैसे पोल करेंगे। इसको लेकर प्रशिक्षण भी दिया गया है। साथ ही उन्होंने सभी पांचों सीट पर एनडीए की जीत का दावा भी किया।

AIMIM के विधायक भी हमारे साथ- लखेंद्र पासवान

लखेंद्र पासवान ने कहा कि, विपक्ष कुछ भी कर लें….कोई फायदा नहीं होने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि, एआईएमआईएम के विधायक भी हम लोगों के साथ हैं। वो भूले नहीं है कि पिछेल चुनाव के बाद राजद ने उनके साथ क्या किया था? इसलिए वो राजद जैसी पार्टी का साथ नहीं देंगे। राजद पहले से ही घबराई हुई है। इसलिए उसने अपने विधायकों को होटल में बंद करके रखा है।

5 सीट के लिए मैदान में 6 उम्मदीवार

5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, शिवेश कुमार, जदयू से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर मैदान में हैं। वहीं, एक सीट पर एनडीए से उपेंद्र कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि राजद से अजय धारी सिंह मैदान में हैं।

किंगमेकर बन सकती है AIMIM

एक तरफ जहां, एनडीए के नेता सभी पांचों सीट पर एनडीए की जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ महागठबंधन एक सीट पर अपनी जीत का दावा कर रहा है। दरअसल 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। राजद ने अपने सभी विधायकों को होटल पनाश में ठहराया हुआ है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान की दावत-ए-इफ्तार में शामिल होने वाले हैं। ऐसे में यदि एआईएमआईएम के विधायक महागठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में वोट करते हैं, तो 5वें सीट पर महागठबंधन खेला कर सकती है।

41 विधायकों का समर्थन जरूरी

राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए करीब 41 विधायकों का समर्थन जरूरी होता है। ऐसे में एनडीए को चार सीटें आसानी से मिलती दिख रही हैं, जबकि महागठबंधन के पास सिर्फ 35 विधायक होने से उसकी राह मुश्किल नजर आ रही है। ऐसे में यदि महागठबंधन का समर्थन AIMIM करती है, तो राज्यसभा की एक सीट उसके खाते में आ सकती है। हालांकि राज्यसभा चुनाव में AIMIM के विधायक किसके पक्ष में अपना मतदान करते हैं, इसपर सभी की निगाहें बनी हुई हैं।

ये भी पढ़ें- सारण गैंगरेप-हत्या मामले में पप्पू यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल, बोले- जब किसी बेटी के साथ…