मोहित भावसार, शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिला जेल से एक कैदी के फरार होने से सनसनी फैल गई। आरोपी धारा 307 का आरोपी था जो किचन में काम करने के दौरान दीवार कूदकर भाग गया। इस घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी उसकी तलाश में जुट गए हैं। 

कैदी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना रविवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच की है। कैदी के फरार होने की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही लालघाटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस कैदी को तलाशने में जुट गई है। जानकारी के अनुसार कैदी किसी काम के दौरान जेल परिसर से फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाश शुरू कर दी।

एक और कैदी ने भी बनाई थी भागने की योजना

विचाराधीन कैदी का नाम जयराम उर्फ जीवन है जो मक्सी का निवासी था। 11 से 11.30 के बीच वह किचन में काम कर रहा था। तभी पानी की पाइप और तार बांधकर दीवार फांदकर भाग गया। उसके साथ राहुल नाम के अन्य कैदी ने भी भागने की योजना बनाई थी लेकिन वह फरार होने से पहले ही पकड़ा गया।  

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

बिजली बंद होने की वजह से CCTV फुटेज निकाले नहीं जा सके हैं। जिसकी वजह से पुलिस को कार्रवाई करने में मुश्किल हो रही है। फ़िलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुट गई। इस घटना के बाद जेल में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m