Ish Sodhi: टी20 विश्व कप 2026 के ठीक बाद साउथ अफ्रीका की टीम न्यूजीलैंड दौरे पर गई है, जहां वह 5 टी20 मैच खेलेगी. पहला मैच माउंट माउंगानुई के बे ओवल में हुआ.

Ish Sodhi: टी20 विश्व कप 2026 में जिस खिलाड़ी को एक भी विकेट नहीं मिला था और पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ 3 ही मैच खेलने का मौका मिला था, अब वह गंभीर चोट का शिकार हो गया है. उसका अंगूठा टूट गया है. यह चोट उसे विश्व कप के ठीक बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू हुई टी20 सीरीज के पहले ही मैच से पहले लगी है. जिस स्टार क्रिकेटर की यहां बात हो रही है, वह कोई और नहीं बल्कि टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत के खिलाफ हारने वाली न्यूजीलैंड टीम के स्पिनर ईश सोढ़ी हैं.
दरअसल, 15 मार्च से न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का आगाज हुआ है. पहले ही मैच में कीवी टीम की खराब शुरुआत हुई. पहले तो वह महज 100 रन के अंदर ढेर हो गई और फिर 7 विकेट से करारी हार झेली. मैच के बाद खबर आई कि टीम का मुख्य हथियार यानी अनुभवी लेग स्पिनर ईश सोढ़ी अंगूठे में फ्रैक्चर के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. बताया गया है कि ट्रेनिंग सेशन के दौरान उन्हें यह चोट लगी, जो कीवी टीम के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद सोढ़ी घरेलू मैदान पर अपनी लय वापस पाने के लिए बेताब थे.
पहले टी20 की बात करें तो कीवी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 14.3 ओवर में सिर्फ 91 रन पर सिमट गई. अफ्रीका ने 16.4 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर 7 विकेट से मैच जीत लिया. इस मैच में स्पिन की जिम्मेदारी मिचेल सैंटनर और कोल मैककॉन्ची ने संभाली थी, क्योंकि सोढ़ी प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं थे. उन्हें यह चोट मैच के एक दिन पहले ट्रेनिंग सेशन में लगी थी. मैच के बाद चोट की गंभीरता की पुष्टि हुई और वह पूरी सीरीज से बाहर हो गए.
जब ईश सोढ़ी की चोट का स्कैन किया गया तो पुष्टि हुई कि उनका अंगूठा टूट गया है. लिहाजा टीम मैनेजमेंट ने उन्हें बाकी सभी मैचों से बाहर कर दिया. फिलहाल उनकी जगह टीम में कोई नया खिलाड़ी भी शामिल नहीं किया गया है. सोढ़ी की चोट को लेकर न्यूजीलैंड के कोच रॉब वॉल्टर ने कहा ‘ईश न्यूजीलैंड के लिए खेलने को लेकर बहुत पैशनेट हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद घरेलू मैदान पर फैंस के सामने खेलने का इंतजार था. टी20 फॉर्मेट में उनका अनुभव काफी है, इसलिए सीरीज में उनकी कमी खलेगी.’
दूसरे मैच में दिखेंगे ये बड़े बदलाव?
एक और अपडेट यह है कि 5 मैचों की इस टी20 सीरीज के दूसरे और तीसरे मैच के लिए तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन जुड़ेंगे. चौथे और पांचवें मैच में केटेन क्लार्क, विकेटकीपर डेन क्लेवर और जेडेन लेन्नॉक्स को जगह मिली है. कप्तान मिचेल सैंटनर आखिरी दो मैचों में नहीं खेल पाएंगे, उनकी जगह टॉम लैथम कप्तानी करते दिखेंगे.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नहीं मिला था विकेट
यह वही ईश सोढ़ी हैं, जिन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान सिर्फ 3 मैच खेलने के लिए मिले थे. एक मुकाबला बारिश की वजह से धुल गया था, जबकि बचे हुए 2 मैचों में उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था. कुल मिलाकर उनके लिए यह विश्व कप अच्छा नहीं रहा.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

