मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजी घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के मिश्रा टोला (वार्ड नंबर-29) की है, जहां एक शातिर चोर ने सुबह-सवेरे तीन घरों में हाथ साफ कर सनसनी फैला दी। इस पूरी वारदात की तस्वीर पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर साइकिल पर सवार होकर रेकी करता नजर आ रहा है।

​वॉक पर गए डॉक्टर

​घटना के संबंध में पीड़ित डॉक्टर नवीन कुमार ने बताया कि वह हर रोज की तरह सुबह करीब 6 बजे टहलने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी बीच घात लगाए बैठा अज्ञात चोर उनके घर में दाखिल हो गया। चोर ने घर से मोबाइल फोन, पर्स और बाइक की चाबी चोरी कर ली। पर्स में ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और बाइक के जरूरी कागजात रखे थे, जिन्हें लेकर चोर रफूचक्कर हो गया।

​किराएदार के घर में भी सेंधमारी

​डॉक्टर नवीन के घर के अलावा चोर ने पास ही में किराए पर रहने वाले चंदन कुमार के घर को भी निशाना बनाया। वहां से भी चोर मोबाइल फोन उड़ा ले गया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर साइकिल से इलाके में पहुंचा था और काफी देर तक संदिग्ध अवस्था में घरों की रेकी कर रहा था। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस चोरी से स्थानीय निवासियों में पुलिसिया गश्त को लेकर काफी आक्रोश है।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​मामले की गंभीरता को देखते हुए काजी मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि गन्नीपुर और मिश्रा टोला क्षेत्र में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर के हुलिए की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।