Bihar Crime: बिहार के भागलपुर से एक हैरान और दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद को लेकर महज 15 दिन के नवजात बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना खरीक थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव का है। मृतक नवजात की पहचान धर्म कुमार पुत्र पप्पू पासवान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र स्थित पंचवीर बाजार के निवासी हैं।

घर में जूता फेंकने पर हुआ था विवाद

मिली जानकारी के अनुसार मृतक नवजात की मां काजल कुमारी लगभग पांच महीनों अपने मायके में रह रही थीं। दरअसल बीते 14 मार्च घर के एक बच्चे ने गलती से छत से पड़ोस में रहने वाले जयहिंद पासवान के घर में जूता फेंक दिया था। आरोप है कि इसे लेकर जयहिंद पासवान ने काजल कुमारी के परिवार के साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी। उस समय आसपास के लोगों ने मामले को समझा-बुझाकर शांत करा दिया, लेकिन जयहिंद और उसका परिवार लगातार गाली-गलौज व धमकी देता रहा।

कमरे में छूटा जयहिंद का मोबाइल

मृतक बच्चे की मां काजल कुमारी ने बताया कि, मंगलवार की सुबह वह और उनके घर के अन्य लोग छत पर काम कर रहे थे। उनका बच्चा नीचे अकेले कमरे में था। उन्होंने बताया कि, कुछ देर बाद जब वे नीचे उतर रही थी, उन्होंने देखा की नवजात के कमरे से जयहिन्द पासवान भागते हुए निकला। भागते समय उसने अपना मोबाइल वहीं कमरे में छोड़ दिया। वे अपनी बहन गुड़िया कुमारी और साक्षी कुमारी के साथ उसे पकड़ने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भागकर अपने घर चला गया।

तकिए से मुंह दबाकर बच्चे की हत्या

काजल का आरोप है कि जयहिंद ने तकिए से मुंह दबाकर उसके नवजात बच्चे की हत्या कर दी है। इसके बाद, जब काजल और उनके परिजन जयहिन्द के घर पहुंचे, तो उसकी पत्नी नीलम देवी और बेटी वर्षा कुमारी ने उन्हें जान से मारने की कोशिश की। उन्होंने काजल की छोटी बहन साक्षी कुमारी पर भी ईंट से हमला किया, जिससे उसका सिर फट गया।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

उधर घटना की जानकारी मिलते ही खरीक थाना के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और नवजाद के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। जहां से बाद में नवजात के शव को मायागंज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

मृतक की मां काजल कुमारी ने मामले में जयहिंद और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- कैमूर में युवक की निर्मम हत्या: DJ का सट्टा लिखाने के बहाने बुलाकर घटना को दिया अंजाम, पिता ने भागकर बचाई अपनी जान