MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। चैत्र नवरात्रि का आज पहला दिन है। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। जहां जय माता की जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। चैत्र नवरात्र के पहले दिन माता शैलपुत्री की विशेष पूजा की जाती है। माता शैलपुत्री को स्थिरता और शक्ति का प्रतीक माना जाता है

भोपाल में नव संवत्सर 2083 का भव्य स्वागत-गुड़ी पड़वा पर मंदिरों में विशेष पूजा

राजधानी भोपाल, भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 और चैत्र नवरात्रि के पहले दिवस गुरुवार को धार्मिक आस्था और उत्साह में डूबा नजर आएगा। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, जिसे गुड़ी पड़वा के रूप में भी मनाया जाता है, शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: Chaitra Navratri 2026: मालवा की वैष्णो देवी भादवा माता, अमृत जल से दूर होते हैं लकवा और मिर्गी जैसे रोग, जानें आरोग्य तीर्थ की अनसुनी गाथा

मुख्यमंत्री ने दी हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि की बधाई

सीएम डॉ मोहन यादव ने हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि की बधाई दी हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (X) पर पोस्ट कर लिखा- चैत्र शुक्ल प्रतिपदा ‘हिंदू नव वर्ष’ की आप सभी को हार्दिक बधाई और मंगलकामनाएं! नव संवत्सर, विक्रम संवत 2083 आपके जीवन में नव चेतना, नव ऊर्जा और असीम समृद्धि लाए। इस पुण्यभूमि पर प्रगति, परिश्रम व परोपकार की त्रिवेणी सदा बहती रहे और पूरा विश्व इससे अभिसिंचित होता रहे, यही कामना है जयतु भारतम्!

एक अन्य पोस्ट में लिखा- ॐ जयन्ती मङ्गला काली भद्रकाली कपालिनी। दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तु ते॥ देवी मां दुर्गा जी की आराधना के महापर्व चैत्र नवरात्रि की आप सभी को हार्दिक बधाई और मंगलकामनाएं। आज प्रथम दिवस के पावन अवसर पर मां शैलपुत्री जी से करबद्ध प्रार्थना है कि उनके आशीर्वाद से भक्तों के सभी कष्ट दूर हों; हर घर में सुख-शांति, संपन्नता और आनंद का वास हो। जय माता दी!

CM के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री मोहन यादव आज गुरुवार को बैक टू बैक कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे इंदौर और उज्जैन दौरे पर रहेंगे। सुबह 10 बजे भोपाल में स्थित रवींद्र भवन में विक्रमोत्सव के अंतर्गत सूर्य उपासना कार्यक्रम, सुबह 11 बजे विधानसभा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय कुंजीलाल दुबे की जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12:20 बजे भोपाल से इंदौर रवाना होंगे। दोपहर 1:05 बजे इंदौर के बंगाली चौराहा पहुंचेंगे, यहां स्थानीय कार्यक्रम हिस्सा लेंगे।

सीएम दोपहर 1: 35 बजे बंगाली चौराहा से ग्राम निपानिया जाएंगे। जहां जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ करेंगे। दोपहर 2:55 बजे उज्जैन के लिए रवाना होंगे। दोपहर 3 बजे होटल अंजूश्री पहुंचेंगे और कार्यक्रम शामिल होंगे। शाम 6.30 बजे तरणताल लोकार्पण, शाम 7 बजे निर्मित नैवेद्यम का लोकार्पण और शाम 7.30 बजे विक्रमोत्सव 2026 सृष्टि आरंभ दिवस व उज्जयिनी गौरव दिवस कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

ये भी पढ़ें: विक्रमोत्सव 2026: सभी जिला मुख्यालयों में होंगे सूर्य उपासना के कार्यक्रम, CM डॉ. मोहन ने कहा- जन-जन तक पहुंचेगी सम्राट विक्रमादित्य की शौर्य गाथा

कांग्रेस नेता मुकेश मल्होत्रा विधायक रहेंगे या नहीं ? फैसला आज

श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को लेकर आज गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। आपको बता दें कि 9 मार्च को ग्वालियर हाईकोर्ट ने मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य घोषित किया और बीजेपी नेता रामनिवास रावत को विजेता माना। मुकेश पर चुनावी हलफनामे में क्रिमिनल केस छुपाने का आरोप है। ग्वालियर हाईकोर्ट ने 15 दिन में सुप्रीम कोर्ट जाने का समय दिया था। सुप्रीम कोर्ट में आज दोपहर तक इस मामले में अहम निर्णय आ सकता है।

राजधानी में मांस बिक्री पर प्रतिबंध!

राजधानी में चेट्रीचंड्र, रामनवमी, महावीर जयंती और बुध जयंती के दिन सभी मांस की दुकानें बंद रहेंगी। भोपाल नगर निगम सीमा के अंदर इन दिनों पर मांस नहीं बिकेगा। धार्मिक पर्वों के मद्देनजर प्रतिबंध लगाया गया है। निर्देश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

पुलिस विभाग में छुट्टियों पर रोक

मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। डीजीपी ने यह फैसला त्योहारों को देखते हुए लिया है। अगले आदेश तक छुट्टी पर प्रतिबंध लगा है। कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति छुट्टी नहीं ले पाएगा। सिर्फ इमरजेंसी में ही छुट्टी मिलेगी, वो भी बड़े अफसर की मंजूरी के बाद अप्रूव होगी। प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निर्णय अहम है। क्यों कि आने वाले दिनों में ईद, रामनवमी त्योहार मनाए जाएंगे। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस महकमा अलर्ट पर रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m