भागलपुर। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां तातारपुर थाना क्षेत्र के रिकाबगंज मोहल्ले में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में दो भाइयों के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना उस वक्त हुई जब घर के पुरुष सदस्य अपने काम पर गए हुए थे और केवल महिलाएं व बच्चे ही वहां मौजूद थे।

​लाखों की संपत्ति और सपने हुए स्वाहा

​पीड़ित गोपाल पासवान और उनके भाई लड्डू पासवान के लिए यह आग केवल उनके आशियाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके भविष्य के सपनों को भी निगल गई। लड्डू पासवान ने बताया कि उन्होंने जमीन खरीदने के लिए 2 लाख नकद घर में रखे थे, जो इस आग में जलकर राख हो गए। नकदी के अलावा घर के कीमती गहने, जरूरी कागजात और सारा घरेलू सामान बर्बाद हो गया है।

​बचाव कार्य और मलबे में दबे घायल

​आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर का छप्पर अचानक भरभरा कर गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिनके सिर में गहरी चोट आई है। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही वार्ड संख्या 16 के पार्षद प्रतिनिधि, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था।

​मेहनत की कमाई मिट्टी में मिली

​पैसे से मैकेनिक और पेंटर इन दोनों भाइयों ने सालों की मेहनत से तिनका-तिनका जोड़कर यह पूंजी इकट्ठा की थी। गनीमत रही कि घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और पीड़ित परिवार अब मुआवजे की आस में है।