न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफाश किया है, जिसका संचालन दुबई में बैठकर किया जा रहा था। पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य सरगना दुबई में फरार है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन में मुंबई से एक मुख्य आरोपी दीपक यादव उर्फ फिलिप को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ, जिसमें 165 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 20 पासबुक, 5 चेकबुक, 18 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक राउटर शामिल हैं।
मामले की शुरुआत ग्राम पड़ोर निवासी दीपक केवट की शिकायत से हुई, जिसमें सरकारी योजनाओं के लाभ के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर एटीएम, पासबुक और सिम जब्त करने का आरोप था। जांच में सामने आया कि कोतमा निवासी बादल सोनी उर्फ जिमी और उसके साथी भोले-भाले लोगों के खाते बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खुलवाते थे, क्योंकि इस बैंक की एटीएम निकासी लिमिट अधिक होती है। दस्तावेज मुंबई भेजे जाते थे, जहां से दुबई पहुंचकर ऑनलाइन ठगी और अवैध लेन-देन में इस्तेमाल होते थे।
पूछताछ में दीपक यादव उर्फ फिलिप ने खुलासा किया कि वह दुबई में बैठे सरगना हितेश नंदवानी उर्फ सिल्वर ओक्स, विशाल जत्यानी उर्फ विक्की, पंकज सुखनानी और नीतू नंदवानी के निर्देश पर काम करता था। वह रोजाना 10-12 लाख रुपये एटीएम से निकालकर आगे भेजता था। “म्यूल अकाउंट” (दूसरों के नाम पर खाते) के जरिए यह ठगी होती थी। इस वजह से बैंक ऑफ महाराष्ट्र की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मुख्य सरगना सहित फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और बैंक कर्मचारियों/सहयोगियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

