कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा रहेंगे मौजूद, (समय- दोपहर 12 बजे)

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आज दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में डिप्टी सीएम सह विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा विभाग से जुड़े विभिन्न योजनाओं, खनन कार्यों की प्रगति, राजस्व वसूली, अवैध खनन पर नियंत्रण तथा लंबित मामलों की स्थिति पर विस्तार से समीक्षा की जाएगी। बैठक में विभागीय अधिकारी, संबंधित जिला पदाधिकारी और अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान चल रही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी भी किए जा सकते हैं।

जदयू कार्यालय में बैठक का आयोजन, इन मुद्दों पर होगी चर्चा, (समय-दोपहर 12 बजे)

​पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में आज दोपहर 12 बजे बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा मौजूद रहेंगे। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीतियों और जमीनी स्तर पर पार्टी के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही सीएम नीतीश ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन किया है। इसे लेकर भी चर्चा होगी। इस बैठक में सभी प्रमुख पदाधिकारियों को शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

बीजेपी कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन, मौजूद रहेंगे मंत्री, (समय-दोपहर 12 बजे)

बीजेपी द्वारा आज दोपहर 12 बजे राजधानी पटना स्थित पार्टी कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में बीजेपी कोटे से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यक्रम में अपनी समस्याओं को लेकर आए लोगों की शिकयतों को सुन उनका निपटारा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मौजूद मंत्री लोगों कि समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी देंगे।

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन, प्रदेश अध्यक्ष रहेंगे मौजूद, (समय-दोपहर 1 बजे)

कांग्रेस कार्यालय में आज दोपहर 1 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस-कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम व अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य से जुड़े मुद्दों पर मीडिया को जानकारी दी जाएगी। वहीं, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश समेत देशभर में एलपीजी की किल्लत को लेकर मचे हाहाकार पर भी पार्टी अपनी प्रतिक्रिया रख सकती है। गौरतलब है कि कल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में पीएम मोदी का पुतला फूंका था।।

ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सजा गया, समृद्धि यात्रा से बदलेंगे विकास के समीकरण, जिले को मिलेगी करोड़ों की सौगात